तखतपुर। तखतपुर क्षेत्र के ग्राम पंचायत समडील में शनिवार को उस समय मातम पसर गया, जब स्कूल से छुट्टी के बाद घर लौट रहे तीन मासूम बच्चे घोंघा नदी पार करते समय अचानक तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों और पुलिस की टीम ने तत्काल नदी में तलाश अभियान शुरू किया। कई घंटे की मशक्कत के बाद एक बच्चे का शव बरामद कर लिया गया, जबकि दो अन्य बच्चों की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार ग्राम समडील निवासी 7 वर्षीय अनमोल जायसवाल, 9 वर्षीय स्तुति जायसवाल और 8 वर्षीय शिक्षा जायसवाल स्कूल से छुट्टी के बाद अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान उन्हें घोंघा नदी पार करनी थी। बताया जा रहा है कि नदी में पानी कम दिखाई दे रहा था, लेकिन अचानक तेज बहाव आने से तीनों बच्चे उसकी चपेट में आ गए और देखते ही देखते बह गए।
हादसे की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण नदी किनारे पहुंचे और अपने स्तर पर बच्चों की तलाश शुरू कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ मिलकर नदी के आसपास सर्च ऑपरेशन चलाया गया। इसी दौरान एक बच्चे का शव बरामद कर लिया गया। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि बरामद शव किस बच्चे का है।
थाना प्रभारी अवनीश पासवान ने बताया कि तीनों बच्चे स्कूल से लौटते समय नदी पार कर रहे थे और तेज बहाव की चपेट में आने से नदी में बह गए। पुलिस और ग्रामीणों द्वारा लगातार तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंचकर नदी में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाएगी, ताकि लापता दोनों बच्चों का पता लगाया जा सके।
नदी में बहने वाले बच्चों की पहचान अनमोल जायसवाल पिता भुनेश्वर जायसवाल, स्तुति जायसवाल पिता भुनेश्वर जायसवाल और शिक्षा जायसवाल पिता विजय जायसवाल के रूप में हुई है। तीनों बच्चे ग्राम पंचायत समडील के निवासी हैं।
घटना के बाद पूरे समडील गांव में शोक का माहौल है। बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीण भी नदी किनारे डटे हुए हैं और लापता दोनों मासूमों के मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं। फिलहाल पुलिस, ग्रामीणों और एसडीआरएफ की टीम की तलाश पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।