बिलासपुर | सीपत थाना क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर धारदार तलवार लहराकर लोगों को डराने-धमकाने वाले निगरानी बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपी के कब्जे से धारदार तलवार भी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार आगामी त्यौहारों को देखते हुए क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के निर्देश दिए गए हैं। इसी के तहत सीपत पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम गुड़ी निवासी सत्यनारायण सूर्यवंशी (36) हाथ में धारदार तलवार लेकर गांव में लोगों को डरा-धमका रहा है।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को पकड़ लिया। उसके कब्जे से धारदार तलवार जब्त की गई। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि सत्यनारायण सूर्यवंशी निगरानी बदमाश है। त्यौहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे बदमाशों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।