
बिना नंबर की मोपेड से सवार कर पालदनौली जंगल पहुंचाया, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
सौरभ साहू
सूरजपुर। ओड़गी में गांव छोड़ने का झांसा देकर एक व्यक्ति को जंगल में ले जाकर 5 हजार रुपये लूटने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान श्रीराम गुप्ता उर्फ लम्बू उर्फ सुजीत उर्फ करण (निवासी दर्रीपारा, थाना भैयाथान) के रूप में हुई है। वर्तमान में वह ग्राम मनियारी, थाना बैढ़न, जिला सिंगरौली मध्यप्रदेश में रह रहा था।
पुलिस के अनुसार ग्राम भवरखोह निवासी जेठू सिंह 20 अगस्त को ओड़गी लोक सेवा केंद्र से रुपये निकालने आया था। रकम निकालने के बाद वह बस स्टैंड में बारिश के कारण रुका हुआ था। इसी दौरान एक व्यक्ति बिना नंबर की मोपेड से उसे गांव तक छोड़ने की बात कहकर अपने साथ बैठा लिया। रास्ते में पालदनौली जंगल में पहुंचने के बाद आरोपी ने जबरन उससे 5 हजार रुपये लूट लिए और मौके से फरार हो गया।
पीड़ित की रिपोर्ट पर थाना ओड़गी में अपराध दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी के हुलिए से मिलता-जुलता व्यक्ति ओड़गी साप्ताहिक बाजार में मौजूद है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध को पकड़ लिया।
पूछताछ में उसने अपना नाम श्रीराम गुप्ता बताया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और शिनाख्ती कार्रवाई के आधार पर उसे लूट की वारदात का आरोपी पाया। पूछताछ में आरोपी ने भी लूट करना स्वीकार किया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ मध्यप्रदेश के कई थानों में अपराध दर्ज हैं। थाना बसंतपुर में उसके खिलाफ स्थायी वारंट भी लंबित है। इसकी सूचना संबंधित थानों को दी गई है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी ओड़गी अलरिक लकड़ा, प्रधान आरक्षक रामाधीन श्यामले, मनोज वर्मा, आरक्षक निर्मल राजवाड़े और जगदीश की सक्रिय भूमिका रही।