बहतराई नया तालाब के पास पत्नी से विवाद कर रहे युवक को गाली-गलौज करने से रोकना एक युवक को भारी पड़ गया। विवाद के बाद आरोपी ने वापस लौटकर युवक के पेट में बटनदार चाकू से वार कर दिया। घटना की सूचना मिलने के कुछ ही घंटे के भीतर सरकंडा पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल खून लगा बटनदार चाकू भी बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार 16 सितंबर की रात करीब 8:30 बजे महेंद्र यादव उर्फ गोलू यादव घर से बाहर घूमने गया था। इसी दौरान बहतराई नया तालाब के पास राहुल यादव अपनी पत्नी के साथ विवाद कर रहा था। महेंद्र ने राहुल को गाली-गलौज करने से मना किया। इसके बाद राहुल पत्नी को लेकर वहां से चला गया। कुछ देर बाद वह दोबारा मौके पर पहुंचा और महेंद्र से विवाद में दखल देने को लेकर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसने बटनदार चाकू से महेंद्र के पेट में वार कर दिया।

घायल महेंद्र को उसके साथियों ने सरकंडा स्थित अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है। घटना की शिकायत पर सरकंडा पुलिस ने आरोपी राहुल यादव पिता स्व. तिहारू यादव, उम्र 28 वर्ष, निवासी अटल चौक खमतराई, हाल मुकाम मढ़घटिया रोड, बहतराई के खिलाफ मामला दर्ज किया।

घटना के बाद आरोपी फरार होने की कोशिश कर रहा था। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना के आधार पर घेराबंदी कर उसे घटना के कुछ घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने घटना करना स्वीकार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त खून लगा बटनदार चाकू जब्त किया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल, नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में की गई।