बिलासपुर। पचपेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम लोहर्सी में शनिवार शाम तेज बारिश के दौरान गाज गिरने से 16 वर्षीय छात्र की मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद 3 युवक झुलस गए। हादसा उस समय हुआ जब चारों दोस्त बारिश से बचने के लिए मोंगरा तालाब के पास स्थित मंदिर की ओर जा रहे थे।
बताया गया कि शनिवार शाम गांव के 4-5 युवक बाजार चौक स्थित मोंगरा तालाब के पास घूमने गए थे। इसी दौरान अचानक मौसम बदला और तेज बारिश शुरू हो गई। बिजली की तेज चमक और गर्जना के बीच युवक बारिश से बचने के लिए तालाब किनारे बने मंदिर की ओर जाने लगे। इसी दौरान अचानक गाज गिर गई।
हादसे में उत्तम कोसले पिता रामाधार कोसले (16), सतीश कोसले, दिनेश कुमार और राजेश कुमार झुलस गए। उत्तम कोसले गंभीर रूप से झुलसा था। परिजन और ग्रामीण उसे तत्काल मस्तूरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे सिम्स बिलासपुर रेफर कर दिया। यहां उपचार के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई।
वहीं सतीश, दिनेश और राजेश को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के बाद तीनों की हालत सामान्य होने पर उन्हें छुट्टी दे दी गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।