बिलासपुर। जिले में सिटी गैस वितरण योजना के कामकाज की निगरानी अब जिला स्तरीय समिति करेगी। छत्तीसगढ़ शहरी गैस वितरण नीति 2026 के तहत 14 सदस्यीय जिला स्तरीय निगरानी समिति का गठन किया गया है। कलेक्टर संजय अग्रवाल को समिति का अध्यक्ष और खाद्य नियंत्रक अमृत कुजूर को सदस्य सचिव बनाया गया है।
समिति गैस पाइपलाइन बिछाने, सीएनजी-एलएनजी स्टेशन के लिए जमीन उपलब्ध कराने, विभिन्न विभागों से अनुमति और सड़क कटिंग से जुड़े कार्यों की निगरानी करेगी। इसके अलावा योजना के तहत चल रहे काम की प्रगति की समीक्षा भी समिति करेगी।
समिति में पुलिस, नगर निगम, जिला पंचायत, वन, उद्योग, पीडब्ल्यूडी, जल संसाधन, पर्यावरण, ऊर्जा, नगर एवं ग्राम निवेश और अग्निशमन विभाग के अधिकारियों के साथ गैस अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (GAIL) के चीफ मैनेजर को सदस्य बनाया गया है।
समिति की महीने में कम से कम एक बैठक होगी। बैठक में योजना की प्रगति और सामने आने वाली समस्याओं की समीक्षा कर रिपोर्ट तैयार की जाएगी। समिति में एसपी रजनेश सिंह, निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे, जिला पंचायत सीईओ संदीप कुमार अग्रवाल, वन मंडलाधिकारी नीरज सिंह, उद्योग विभाग के मुख्य महाप्रबंधक सीआर कश्यप, पीडब्ल्यूडी के ईई आदित्य ग्रोवर, खारंग जल संसाधन विभाग की ईई मधु चन्द्रा सहित अन्य अधिकारी शामिल हैं।