बिलासपुर। शारदा गैस एजेंसी में महिला उपभोक्ता से गैस पाइप खरीदने का दबाव बनाने और मना करने पर सिलेंडर देने से इंकार करने का मामला सामने आया है। उपभोक्ता जसवंती बेन का आरोप है कि उनके घर में पहले से अच्छी स्थिति में गैस पाइप लगा हुआ था। इसकी जानकारी देने के बावजूद एजेंसी कर्मचारियों ने नया पाइप खरीदने के लिए कहा। उन्होंने जब पाइप लेने से मना किया तो उन्हें सिलेंडर देने से इंकार कर दिया गया।

महिला के मुताबिक मजबूरी में उन्हें 190 रुपए का गैस पाइप खरीदना पड़ा। उन्होंने कर्मचारियों से पूछा कि नया पाइप लेना क्यों जरूरी है और इसे गैस कार्ड पर लिखित में दर्ज करने को कहा। आरोप है कि इसके बाद गैस कार्ड और रिफिल रसीद पर पाइप खरीदना अनिवार्य होने तथा पाइप नहीं लेने पर सिलेंडर नहीं देने संबंधी टिप्पणी दर्ज की गई। उपभोक्ता ने इसकी रसीद भी सुरक्षित रखी है।

पहले भी सिलेंडर के वजन को लेकर उठे थे सवाल

शारदा गैस एजेंसी को लेकर कुछ महीने पहले भी सिलेंडर के वजन कम होने का मामला सामने आया था। अब पाइप खरीदने के दबाव और सिलेंडर रोकने के आरोप के बाद एजेंसी की कार्यप्रणाली पर फिर सवाल उठ रहे हैं। उपभोक्ता ने मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है।

बोले अधिकारी- पाइप के लिए सिलेंडर नहीं रोक सकते

एलपीजी विक्रय प्रमुख मो. आमीन ने कहा कि गैस पाइप सुरक्षा के दृष्टिकोण से लेने की जानकारी दी जा सकती है, लेकिन इसके लिए सिलेंडर देने से इंकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने मामले की जांच कराने की बात कही है।

वहीं एलपीजी वितरक एसोसिएशन के अध्यक्ष सुभाष जायसवाल ने कहा कि यदि कर्मचारियों ने पाइप नहीं लेने पर उपभोक्ता को सिलेंडर देने से इंकार किया है तो उन्हें ऐसा नहीं करना था। उन्होंने मामले को दिखवाने की बात कही है।