बिलासपुर। चकरभाठा के एयरपोर्ट तिराहे से मोटरसाइकिल चोरी के मामले में पुलिस ने गुंडा बदमाश सहित 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की 2 मोटरसाइकिल और एक बैटरी बरामद की है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी शिव शंकर सिंगरौले ने 17 अक्टूबर को चकरभाठा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह 14 अक्टूबर को अपनी होंडा साइन मोटरसाइकिल से एयरपोर्ट तिराहे की ओर घूमने गया था। उसने बाइक सड़क किनारे खड़ी की और पैदल टहलने चला गया। वापस लौटने पर बाइक गायब मिली। अज्ञात व्यक्ति बाइक चोरी कर ले गया था।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने अमन वर्मा (23), रंजीत श्रीवास (23), आशीष वर्मा (22), अजय उर्फ अज्जू वर्मा (28), नरेश गोड़ (23) और मानस यादव (20) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने मिलकर एयरपोर्ट तिराहे से होंडा साइन मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। उन्होंने एक पैशन प्रो मोटरसाइकिल और बैटरी चोरी करने की बात भी बताई। पुलिस ने उनके कब्जे से दोनों मोटरसाइकिल और बैटरी बरामद की है।
गिरफ्तार आरोपी विकास नगर, वर्मा मोहल्ला, नयापारा और अचानकपुर क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह और नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा राजेश जोशी के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक भावेश शेन्डे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अवैध गतिविधि या अपराध की जानकारी मिलने पर डायल 112 अथवा नजदीकी थाने में सूचना देकर सहयोग करें।