बिलासपुर। अरपा नदी के पावन तट पर स्थित तोरवा का छठ घाट एक बार फिर आस्था, लोक संस्कृति और सामाजिक समरसता के विराट उत्सव का साक्षी बनने जा रहा है। एशिया के सबसे बड़े स्थायी छठ घाट के रूप में पहचान रखने वाले इस घाट पर 13 से 16 नवंबर तक चार दिवसीय छठ महापर्व का भव्य आयोजन होगा। विगत 26 वर्षों से पाटलिपुत्र संस्कृति विकास मंच, भोजपुरी समाज और सहजानंद समाज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हो रहा यह महापर्व अब केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि बिलासपुर की सांस्कृतिक पहचान और देशभर में चर्चित आस्था के महापर्व का स्वरूप ले चुका है।
इस वर्ष भी आयोजन को ऐतिहासिक और व्यवस्थित बनाने के लिए छठ पूजा समिति ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में मंगलवार को छठ घाट परिसर में जिला एवं पुलिस प्रशासन के आला अधिकारियों और आयोजन समिति के पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक हुई। कलेक्टर संजय अग्रवाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह की मौजूदगी में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं, सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य सुविधाओं और आधारभूत तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की। बैठक के बाद अधिकारियों ने घाट का निरीक्षण कर संबंधित विभागों को निर्धारित समय-सीमा में सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
सुगम आवागमन और व्यवस्थाओं को लेकर समिति ने रखे प्रस्ताव
छठ पूजा समिति के अध्यक्ष प्रवीण झा ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों से जिला एवं पुलिस प्रशासन का आयोजन को अभूतपूर्व सहयोग मिल रहा है। प्रशासनिक समन्वय और सहयोग के कारण आयोजन का स्वरूप लगातार भव्य हुआ है। उन्होंने बैठक में व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं।
उन्होंने कहा कि छठ घाट पर श्रद्धालुओं का पहुंचना दोपहर 2 बजे से ही शुरू हो जाता है, इसलिए भारी वाहनों का आवागमन दोपहर 1 बजे से प्रतिबंधित किया जाना चाहिए। पर्व के बाद हजारों व्रतियों और श्रद्धालुओं को एक साथ अपने घरों की ओर लौटना होता है। ऐसे में सड़कों को अवरोधमुक्त रखते हुए यातायात की ऐसी व्यवस्था बनाई जाए, जिससे किसी को अनावश्यक जाम का सामना न करना पड़े और लोग सुगमता से अपने गंतव्य तक पहुंच सकें।
समिति ने सुबह से ही घाट पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने की मांग भी रखी, ताकि नियमों का उल्लंघन कर निर्धारित व्यवस्था से पहले स्थान घेरने वालों पर नियंत्रण रखा जा सके। घाट परिसर में लगने वाली दुकानों के दौरान किसी तरह का विवाद अथवा अव्यवस्था न हो, इसके लिए भी पुलिस की मौजूदगी सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया। इसके अतिरिक्त स्वास्थ्य विभाग से समय पर एंबुलेंस उपलब्ध कराने और नगर निगम से अग्निशमन वाहन की व्यवस्था करने की मांग रखी गई।
समिति के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र कुमार दास ने वन विभाग परिसर में स्थित क्षतिग्रस्त विद्युत खंभे को हटाने की आवश्यकता पर ध्यान आकृष्ट कराया। उन्होंने छठ महापर्व के दौरान निर्बाध विद्युत व्यवस्था बनाए रखने के लिए डीजल जनरेटर उपलब्ध कराने का भी आग्रह किया। प्रशासनिक अधिकारियों ने समिति द्वारा उठाए गए सभी बिंदुओं को गंभीरता से लेते हुए समय-सीमा में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया।
कलेक्टर ने दिए समय-सीमा में तैयारी पूरी करने के निर्देश
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने छठ महापर्व को ऐतिहासिक और देशभर में प्रसिद्ध आयोजन बताते हुए कहा कि पिछले वर्षों में जिला प्रशासन की ओर से उपलब्ध कराई गई सुविधाओं को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से यह बैठक आयोजित की गई है। इसमें सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों और प्रतिनिधियों को शामिल किया गया है, ताकि किसी भी व्यवस्था में कमी न रहे। उन्होंने अधिकारियों को सभी आवश्यक कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने विशेष रूप से छठ घाट तक पहुंचने वाले दोनों प्रमुख मार्गों की स्थिति पर चर्चा करते हुए कहा कि गुरु नानक चौक से छठ घाट और राजकिशोर नगर से छठ घाट तक सड़क निर्माण का कार्य चल रहा है। इन दोनों मार्गों को समय पर पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
ड्रोन से निगरानी, चप्पे-चप्पे पर पुलिस की तैनाती
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि वे स्वयं पिछले 3 वर्षों से इस आयोजन का हिस्सा रहे हैं। इस वर्ष सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को पहले से अधिक सुदृढ़ बनाने का प्रयास किया जाएगा। आयोजन समिति की मांगों और सुझावों को ध्यान में रखते हुए पुलिस विभाग पूरी तैयारी करेगा।
उन्होंने बताया कि छठ महापर्व के दौरान प्रवेश और निकासी के लिए फुलप्रूफ प्लान तैयार किया जाएगा। दोपहिया वाहनों और चारपहिया कारों के लिए अलग-अलग पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, वहीं भारी वाहनों के लिए निर्धारित डायवर्सन रूट लागू होगा। घाट परिसर और आसपास की सड़कों पर ड्रोन कैमरों से निगरानी रखी जाएगी। इसके अलावा चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहेगा। 50 से अधिक पुलिसकर्मी सिविल ड्रेस में भीड़ के बीच रहकर संदिग्ध गतिविधियों और असामाजिक तत्वों पर नजर रखेंगे।
एसएसपी ने बताया कि तैयारियों की प्रगति की समीक्षा के लिए 12 नवंबर को एक और बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें अब तक किए गए कार्यों का जायजा लिया जाएगा।
13 नवंबर को अरपा मैया की महाआरती से होगा शुभारंभ
छठ पूजा समिति के अध्यक्ष प्रवीण झा ने बताया कि 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ चार दिवसीय महापर्व का शुभारंभ होगा। इसी दिन संध्या बेला में छठ घाट पर अरपा मैया की भव्य महाआरती और दीपदान का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर को विशेष और यादगार बनाने के लिए शानदार आतिशबाजी भी की जाएगी, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेगी।
14 नवंबर को खरना का प्रसाद तैयार किया जाएगा। 15 नवंबर की संध्या को अस्ताचलगामी सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया जाएगा, जबकि 16 नवंबर की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का विधिवत समापन होगा।
लोक आस्था का पर्व, जहां स्वयं सूर्यदेव की उपासना करते हैं व्रती
कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र कुमार दास ने कहा कि छठ महापर्व अब बिहार और उत्तर प्रदेश तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि देश के विभिन्न हिस्सों में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाने लगा है। छत्तीसगढ़ में भी इस पर्व की परंपरा ने भव्य स्वरूप ग्रहण कर लिया है। संतान की सुख-समृद्धि, परिवार के कल्याण और मंगलकामना के लिए मनाए जाने वाले इस महापर्व में हजारों की संख्या में व्रती अरपा तट पर पहुंचते हैं। वहीं इस अद्भुत धार्मिक और सांस्कृतिक दृश्य का साक्षी बनने के लिए हजारों श्रद्धालु भी घाट पर जुटते हैं।
उन्होंने कहा कि छठ महापर्व की सबसे विशिष्ट विशेषता यह है कि इसमें प्रत्यक्ष देवता सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया जाता है। इस पूजा में किसी पुरोहित अथवा पुजारी की अनिवार्यता नहीं होती। व्रती स्वयं विधि-विधान से सूर्यदेव को अर्घ्य देकर छठी मैया की आराधना करते हैं। प्रकृति, जल और सूर्य के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने वाला यह पर्व अनुशासन, पवित्रता, तपस्या और लोक आस्था का अनुपम उदाहरण है।
आयोजन समिति को उम्मीद है कि इस वर्ष भी जिला एवं पुलिस प्रशासन के सहयोग, बेहतर प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सहभागिता से तोरवा का छठ घाट आस्था के एक भव्य उत्सव का केंद्र बनेगा। अरपा के तट पर अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने का विहंगम दृश्य एक बार फिर बिलासपुर की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाई देगा।