बिलासपुर। उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह ने रविवार 23 अगस्त को थाना तखतपुर का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना क्षेत्र की बीट व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की। इस दौरान थाना क्षेत्र में लगातार शिकायतों के घेरे में रहे कुछ कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से रक्षित केंद्र संबद्ध करने के निर्देश दिए गए।

तखतपुर थाना क्षेत्र में कुल 79 गांव आते हैं, जिनमें से 14 गांवों को झगड़ालू गांव के रूप में चिन्हांकित किया गया है। समीक्षा में सामने आया कि इन क्षेत्रों से अवैध शराब, मारपीट और भूमि विवाद से संबंधित शिकायतें अधिक प्राप्त होती हैं। एसएसपी ने थाना प्रभारी और स्टाफ को ऐसे मामलों में कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई करने तथा अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान ग्राम बराही-परसाकांपा क्षेत्र में पूर्व में एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय द्वारा की गई कार्रवाई का भी उल्लेख किया गया। वहां छापामार कार्रवाई के दौरान अवैध शराब जब्त कर आरोपी महिला के विरुद्ध कार्रवाई की गई थी। एसएसपी ने इस तरह की कार्रवाई को लगातार और अधिक प्रभावी तरीके से जारी रखने के निर्देश दिए।

शिकायतों के बाद कुछ कर्मचारी रक्षित केंद्र संबद्ध

थाना क्षेत्र में पदस्थ कुछ कर्मचारियों के संबंध में लगातार शिकायतें प्राप्त होने तथा अपराध नियंत्रण और जनसंपर्क के कार्यों में उनकी कार्यप्रणाली पर संदेह व्यक्त किए जाने पर संबंधित कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से रक्षित केंद्र संबद्ध किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि थाना स्तर पर कार्यप्रणाली में सुधार और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए ऐसी कार्रवाई आगे भी की जा सकती है।

अवैध शराब कारोबारियों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के निर्देश

एसएसपी ने अवैध शराब के कारोबार में बार-बार संलिप्त पाए जाने वाले आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई और बाउंड ओवर की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बांड का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार राशि जब्त कराने की कार्रवाई करने को कहा गया। वहीं, अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त महिलाओं को महिला स्व-सहायता समूहों और शासन की विभिन्न योजनाओं से जोड़कर वैकल्पिक आजीविका उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित करने के निर्देश भी दिए गए।

बीट कर्मचारियों को गांव और अपराधियों की जानकारी रखने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान बीट कर्मचारियों को अपने-अपने क्षेत्र के गांवों, अपराधियों और स्थानीय समस्याओं की पूरी जानकारी रखने को कहा गया। झगड़ालू गांवों में होने वाले अपराधों की विस्तृत जानकारी संकलित कर समय रहते प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। संगठित अपराध में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 112 के तहत आवश्यक कार्रवाई करने पर भी जोर दिया गया।

इसके अलावा सीएम हेल्पलाइन से संबंधित 19 शिकायतों और चरित्र सत्यापन प्रकरणों की समीक्षा की गई। एसएसपी ने सभी प्रकरणों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अनुविभागीय अधिकारी कोटा नूपुर उपाध्याय भी उपस्थित रहीं।