बचत खाते से क्रेडिट कार्ड में ट्रांसफर की रकम, फिर फ्लिपकार्ट पर किए 3 संदिग्ध भुगतान

बिलासपुर। सरकंडा क्षेत्र में साइबर ठगों ने एसईसीएल के रिटायर्ड कर्मचारी भक्तिमय चौधरी (66) के बैंक खाते और क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल कर करीब 1.39 लाख रुपए की ठगी कर ली। ठगों ने पहले उनके बचत खाते से रकम क्रेडिट कार्ड में ट्रांसफर की और फिर फ्लिपकार्ट पर 3 भुगतान कर दिए। पीड़ित की शिकायत पर सरकंडा पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और आईटी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

राजकिशोर नगर के कल्याण बाग निवासी भक्तिमय चौधरी एसईसीएल मुख्यालय से सेवानिवृत्त हैं। उनके अनुसार, 12 अक्टूबर को दोपहर करीब 3 बजे किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनका मोबाइल सिस्टम हैक कर लिया। शाम करीब 6 बजे बैंक का मोबाइल एप चेक करने पर खाते से रकम कटने की जानकारी मिली। शुरुआती जानकारी के अनुसार, खाते से दो बार में 65 हजार और 73 हजार रुपए निकाले गए।

बचत खाते से रकम निकाल फ्लिपकार्ट को किया भुगतान

पीड़ित ने उसी रात साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। अगले दिन बैंक और तारबाहर स्थित साइबर क्राइम ब्रांच पहुंचकर बैंक स्टेटमेंट निकलवाया। साइबर सेल की पड़ताल में सामने आया कि बचत खाते से निकाली गई रकम पहले उनके क्रेडिट कार्ड में जमा की गई। इसके बाद क्रेडिट कार्ड से फ्लिपकार्ट इंटरनेट प्राइवेट लिमिटेड को 3 अलग-अलग भुगतान किए गए।

इनमें 40,9 रुपए, 65 हजार रुपए और 32 हजार रुपए के ट्रांजेक्शन दर्ज होने की जानकारी दी गई है। हालांकि, पहले ट्रांजेक्शन की राशि स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लेनदेन और ठगी में शामिल आरोपियों की जांच शुरू कर दी है।