बिलासपुर। चकरभाठा थाना क्षेत्र के ग्राम मगरउछला स्थित अरपा नदी के एनीकट में पैर फिसलने से गहरे पानी में डूबे किसान का शव करीब 48 घंटे बाद गुरुवार सुबह बरामद हुआ। एसडीआरएफ की टीम ने बुधवार को काफी देर तक तलाश की थी, लेकिन सफलता नहीं मिली थी। गुरुवार सुबह ग्रामीणों और परिजनों ने दोबारा तलाश शुरू की, इसी दौरान घटनास्थल से कुछ दूरी पर शव पानी में उतराता मिला।
पुलिस के अनुसार मगरउछला निवासी तीज राम केंवट (56) मंगलवार 30 सितंबर को सुबह करीब 11 बजे अपने छोटे भाई बबलू केंवट के साथ मस्तूरी क्षेत्र के ग्राम कोनी गए थे। दोनों वहां भतीजे लक्ष्मण के घर फौती उठवाने और रिकॉर्ड दुरुस्त कराने के सिलसिले में गए थे। काम पूरा करने के बाद दोनों भाई पैदल गांव लौट रहे थे।
मगरउछला एनीकट पार करते समय रपटे पर पानी के तेज बहाव और काई के कारण तीज राम का पैर फिसल गया। वह अनियंत्रित होकर नदी के गहरे पानी में बह गए। भाई के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
इसके बाद एसडीआरएफ की टीम ने बुधवार देर शाम तक नदी में रेस्क्यू अभियान चलाया, लेकिन तेज बहाव के कारण तीज राम का पता नहीं चल सका। गुरुवार सुबह परिजनों और ग्रामीणों ने फिर तलाश शुरू की। इसी दौरान घटनास्थल से कुछ दूरी पर शव मिला। चकरभाठा पुलिस ने धारा 194 BNSS के तहत मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।