बिलासपुर। हिर्री पुलिस ने आबकारी एक्ट के मामले में एक माह से फरार चल रहे आरोपी पवन कुमार साहू (38) को गिरफ्तार किया है। आरोपी मुंगेली जिले के सरगांव का निवासी है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 24 सितंबर 2026 को भोजपुरी कौशिक ढाबा के सामने हुई कार्रवाई के दौरान आबकारी एक्ट के मामले में केदार साहू और राजेन्द्र साहू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था। इस मामले में पवन कुमार साहू घटना के बाद से फरार था। पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी।
22 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली कि फरार आरोपी सरगांव में घूम रहा है। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी निरीक्षक दामोदर प्रसाद मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। पुलिस ने उसे 22 अक्टूबर को दोपहर 1:30 बजे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक दामोदर प्रसाद मिश्रा, सहायक उपनिरीक्षक राजकुमार, प्रधान आरक्षक धर्मेन्द्र राजपूत और आरक्षक जितेन्द्र कुमार जगत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।