उज्ज्वला और सामान्य दोनों उपभोक्ताओं पर लागू होगी व्यवस्था
बिलासपुर। एलपीजी कनेक्शन की ई-केवाईसी नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं के लिए आज से गैस सिलेंडर बुक कराना मुश्किल हो जाएगा। 1 अक्टूबर से बिना ई-केवाईसी वाले कनेक्शनों की रिफिल बुकिंग सुविधा ब्लॉक कर दी जाएगी। यह व्यवस्था प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के साथ सामान्य एलपीजी उपभोक्ताओं पर भी लागू होगी।
बिलासपुर जिले में करीब 4 लाख 83 हजार एलपीजी कनेक्शन हैं। इनमें इंडियन ऑयल के 1 लाख 80 हजार, एचपीसीएल के 1 लाख 52 हजार और बीपीसीएल के 1 लाख 51 हजार कनेक्शन शामिल हैं। इनमें से करीब 4 लाख 3 हजार कनेक्शनों की ई-केवाईसी पूरी हो चुकी है, जबकि करीब 80 हजार कनेक्शनों का ई-केवाईसी अभी बाकी है। इंडेन मंडल कार्यालय रायपुर के मंडल एलपीजी विक्रय प्रमुख मोहम्मद आमीन के अनुसार, बिलासपुर जिले में करीब 80.44% एलपीजी उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी पूरी हो चुकी है।
पहले से बुक सिलेंडर की डिलीवरी होगी
जिन उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी पूरी हो चुकी है, उनके सिलेंडर की डिलीवरी सामान्य रूप से जारी रहेगी। वहीं, जिनकी ई-केवाईसी पूरी नहीं हुई है, उनकी 30 सितंबर की रात 12 बजे तक की रिफिल बुकिंग सिस्टम से स्वतः कैंसिल हो जाएगी।
तीन तरीकों से करा सकते हैं ई-केवाईसी
उपभोक्ता डिलीवरी के समय डिलीवरी बॉय के मोबाइल ऐप से, गैस एजेंसी पर जाकर या संबंधित गैस कंपनी के आधिकारिक मोबाइल ऐप से ई-केवाईसी करा सकते हैं। इंडियन ऑयल के लिए Indian Oil ONE, भारत गैस के लिए HelloBPCL और एचपी गैस के लिए HP PAY ऐप का इस्तेमाल किया जा सकता है।
मोबाइल नंबर बदल गया है तो भी करा सकेंगे ई-केवाईसी
ई-केवाईसी के लिए मोबाइल नंबर का अपडेट होना अनिवार्य नहीं है। उपभोक्ता गैस वितरक से संपर्क कर बायोमेट्रिक डिवाइस से फिंगरप्रिंट के जरिए या मोबाइल ऐप से चेहरे का स्कैन कराकर सत्यापन करा सकते हैं।
फिंगरप्रिंट नहीं आ रहा तो आधार केंद्र जाएं
यदि बायोमेट्रिक सत्यापन के दौरान फिंगरप्रिंट नहीं आ रहा है तो उपभोक्ता को आधार केंद्र जाकर अपना बायोमेट्रिक डेटा अपडेट कराना होगा। इसके बाद ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी की जा सकेगी।
दूसरे शहर में रहने वाले घर बैठे करा सकेंगे ई-केवाईसी
जो उपभोक्ता किसी दूसरे शहर में रह रहे हैं, वे मोबाइल ऐप के माध्यम से घर बैठे ई-केवाईसी कर सकते हैं। पीएम उज्ज्वला योजना की आधिकारिक वेबसाइट पर भी ई-केवाईसी की सुविधा उपलब्ध है।
सामान्य उपभोक्ताओं को 5 और 10 किलो सिलेंडर का विकल्प
ई-केवाईसी नहीं कराने वाले सामान्य उपभोक्ताओं की 14.2 किलो रिफिल बुकिंग ब्लॉक होगी। हालांकि, वे बाजार दर पर 5 और 10 किलो का नया सिलेंडर कनेक्शन ले सकेंगे। यह कनेक्शन उनके मौजूदा एलपीजी आईडी पर ही जारी किया जाएगा और इसके लिए उपभोक्ता की सहमति जरूरी होगी।
उज्ज्वला उपभोक्ताओं को नहीं मिलेगा नया कनेक्शन
ई-केवाईसी नहीं कराने वाले उज्ज्वला उपभोक्ताओं को 1 अक्टूबर से रिफिल सिलेंडर बुक करने की सुविधा नहीं मिलेगी। इसके साथ ही उन्हें सब्सिडी का लाभ और बाजार दर पर 5 या 10 किलो के सिलेंडर का नया कनेक्शन लेने का विकल्प भी नहीं मिलेगा।