बिलासपुर। दयालबंद गुरुद्वारे में श्री गुरु रामदास जी महाराज का प्रकाश पर्व उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। गुरुद्वारे को आकर्षक रोशनी और फूलों से सजाया गया। महिलाओं ने रंगोली बनाकर और दीपमाला सजाकर गुरुपर्व की खुशियां मनाईं। शब्द-कीर्तन, गुरबाणी पाठ और कथा के बीच करीब 2000 श्रद्धालुओं ने गुरु का अटूट लंगर छका।

पानीपत से आए रागी भाई हरकीरत सिंह ने शब्द-कीर्तन की प्रस्तुति दी। दयालबंद गुरुद्वारे के हजूरी रागी जत्थे के हुस्नप्रीत सिंह ने भी गुरु जस गायन किया। गुरुद्वारे के हेड ग्रंथी भाई मान सिंह ने कथा के माध्यम से संगत को गुरु रामदास जी के जीवन और शिक्षाओं से परिचित कराया।

गुरुपर्व की तैयारियों में सुखमनी साहिब सर्कल की अध्यक्ष दलजीत कौर सलूजा के नेतृत्व में पूरी टीम ने गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के साथ मिलकर सेवा की। पिछले 3 दिनों से दयालबंद गुरुद्वारे में शब्द-कीर्तन और गुरबाणी पाठ का आयोजन किया जा रहा था। इस अवसर पर 21 सहज पाठ साहिब भी रखे गए, जो गुरु नानक देव जी महाराज के प्रकाश पर्व को ध्यान में रखते हुए आयोजित किए गए।

लिंगियाडीह स्थित दयालबंद गुरुद्वारा प्रबंधन द्वारा प्रस्तावित श्री गुरु तेग बहादुर सामुदायिक भवन में भी गुरु रामदास जी का प्रकाश पर्व मनाया गया। बड़ी संख्या में संगत ने पहुंचकर गुरु जस गायन किया। भाई मान सिंह ने अरदास कर सभी के सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की तथा संगत को प्रकाश पर्व की बधाई दी। यहां सुखमनी साहिब सर्कल की टीम और गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्यों ने लंगर प्रसाद ग्रहण किया।

आयोजन में सुखमनी साहिब सर्कल की अध्यक्ष दलजीत कौर सलूजा के साथ हरमीत कौर गंभीर, संदीप कौर सलूजा, गोल्डी छाबड़ा, मनप्रीत कौर, रविंदर कौर गंभीर, खुशबू कौर छाबड़ा, श्वेता कौर छाबड़ा, दविंदर कौर सलूजा, अर्पित कौर अरोरा और जसमीत कौर सहित अन्य सदस्यों का योगदान रहा।

गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान सरदार परमजीत सिंह सलूजा, सचिव अमरजीत सिंह दुआ, कोषाध्यक्ष गुरदीप सिंह अजमानी, उपाध्यक्ष मंजीत सिंह अरोरा, सह सचिव जसवीर सिंह गांधी सहित सोनू, अमनदीप सिंह होरा, सतिंदर सिंह गांधी, बलजीत सिंह गंभीर और रमनदीप सिंह सलूजा सहित पूरी कमेटी ने सेवा में भाग लिया।