बिलासपुर। दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सिटी कोतवाली पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की। विसर्जन रैली के दौरान चेकिंग में 2 युवकों के पास से धारदार चाकू बरामद किए गए। दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। वहीं, हुड़दंग और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता के संदेह में 12 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रिंस साहू (18), निवासी गनियारी, थाना कोटा और कमलेश केंवट (20), निवासी गनियारी, थाना कोटा के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ सिटी कोतवाली थाने में आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत कार्रवाई की गई है।

दुर्गा विसर्जन के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक तिलेश्वर कुमार यादव के मार्गदर्शन में अभियान चलाया गया। पुलिस ने असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने के लिए चेकिंग और निगरानी बढ़ाई थी। इसी दौरान दोनों युवकों के पास से चाकू बरामद हुए। इसके अलावा 12 लोगों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।