तेलीपारा में दर्शन के लिए आने वालों को निर्धारित पार्किंग में खड़े करने होंगे वाहन, सिम्स अस्पताल जाने वाले रास्ते को बाधामुक्त रखने की अपील
बिलासपुर। नवरात्रि, दुर्गा उत्सव, गरबा-डांडिया और विजयादशमी के आयोजनों को देखते हुए यातायात पुलिस ने शहर में आवागमन के लिए नई गाइडलाइन जारी की है। दुर्गा पंडालों और प्रमुख आयोजन स्थलों पर श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए पार्किंग, रूट डायवर्जन और नो एंट्री की व्यवस्था की जाएगी। यातायात का दबाव बढ़ने पर शाम 5 बजे से रात 12 बजे तक जरूरत के अनुसार मार्ग परिवर्तित किए जा सकते हैं और चारपहिया वाहनों के साथ बड़ी गाड़ियों का प्रवेश प्रतिबंधित किया जा सकता है।
पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर यातायात पुलिस ने आयोजन समितियों के साथ समन्वय कर व्यवस्थाएं तैयार की हैं। पुलिस ने श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से निर्धारित पार्किंग का उपयोग करने तथा एंबुलेंस और अन्य जरूरी सेवाओं के वाहनों को रास्ता देने की अपील की है।
तेलीपारा में दर्शन के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल
शहर के मध्य स्थित तेलीपारा में मां दुर्गा के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। बाजार और घनी आबादी वाला क्षेत्र होने के कारण यातायात पुलिस ने अलग-अलग दिशाओं से आने वाले वाहनों के लिए पार्किंग स्थल निर्धारित किए हैं।
सरकंडा की ओर से आने वालों के लिए महामाया चौक, हुंडई चौक और रामसेतु के बीच न्यू रिवर व्यू पार्किंग स्थल निर्धारित किया गया है। शनिचरी मार्केट की ओर से आने वाले वाहन हैप्पी स्ट्रीट में पार्क किए जा सकेंगे। कोतवाली क्षेत्र से आने वालों के लिए मल्टीलेवल पार्किंग और लाल बहादुर शास्त्री हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर का मैदान तय किया गया है। वहीं नेहरू चौक और बृहस्पति बाजार की ओर से आने वाले वाहन चालकों के लिए वाजपेयी मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
भीड़ बढ़ने पर नेहरू चौक, इंदिरा सेतु चौक, सीपत चौक, हुंडई चौक, गांधी चौक, कोतवाली चौक, बस स्टैंड चौक, ईदगाह चौक, देवकीनंदन चौक, रामसेतु चौक, चांटीडीह चौक, आरके पेट्रोल पंप चौक और शनिचरी रपटा चौक सहित अन्य स्थानों से रूट डायवर्जन किया जा सकता है। यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि निर्धारित पार्किंग के अलावा व्यस्त मार्गों पर वाहन खड़े न करें।
सिम्स अस्पताल जाने वालों के लिए विशेष अपील
तेलीपारा क्षेत्र में सिम्स अस्पताल स्थित होने के कारण यातायात पुलिस ने अस्पताल के चारों ओर के मार्गों को बाधामुक्त रखने की अपील की है। सिम्स जाने वाले वाहन चालकों से नेहरू चौक, देवकीनंदन चौक और रामसेतु चौक होते हुए सिम्स तिराहा पहुंचने का आग्रह किया गया है। अस्पताल के आसपास अनधिकृत रूप से वाहन खड़े करने की अनुमति नहीं होगी।
पुलिस ने वाहन चालकों से मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए एंबुलेंस और अन्य आवश्यक सेवाओं के वाहनों को तत्काल रास्ता देने की अपील की है, ताकि मरीजों को अस्पताल पहुंचने में परेशानी न हो।
शहर के कई स्थानों पर गरबा-डांडिया आयोजन
नवरात्रि के दौरान शहर और आसपास के क्षेत्रों में कई स्थानों पर गरबा और डांडिया कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें महाराणा चौक रिंग रोड नंबर-2 स्थित फाउंडेशन क्रिकेट अकादमी, बोदरी स्थित महाराजा अग्रसेन जनकल्याण परिसर, उसलापुर स्टेशन के पास अलका वेन्यू रॉयल पार्क, अशोक नगर और कपिल नगर सरकंडा, चौकसे कॉलेज मैदान, चांटीडीह चौक स्थित पुत्रीशाला सामुदायिक भवन, चकरभाठा का होटल सेंट्रल पॉइंट, इमलीपारा रोड, व्यापार विहार की बड़ी पार्किंग, तिलक नगर, देवकीनंदन क्षेत्र और लाल बहादुर शास्त्री स्कूल परिसर सहित अन्य स्थान शामिल हैं।
आयोजन समितियों ने कार्यक्रम स्थलों के आसपास पार्किंग की व्यवस्था की है। यातायात पुलिस ने प्रतिभागियों और दर्शकों से पार्किंग संबंधी संकेतक और बोर्ड देखकर निर्धारित स्थानों पर ही वाहन खड़े करने को कहा है।
रतनपुर महामाया मंदिर जाने वालों के लिए भी व्यवस्था
रतनपुर स्थित मां महामाया मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों की पार्किंग के लिए भी व्यवस्था की गई है। मंदिर के समीप तालाब किनारे वीआईपी पार्किंग और हेलीपैड परिसर के पास आम श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग निर्धारित की गई है। भैरव बाबा मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले लोगों के वाहनों की पार्किंग मंदिर से करीब 100 मीटर पहले बनाई गई है।
यातायात पुलिस ने श्रद्धालुओं से निर्धारित पार्किंग में वाहन खड़े कर आयोजन और दर्शन स्थलों तक पैदल जाने की अपील की है। दर्शन के बाद वाहनों को जल्द पार्किंग से निकालने और यातायात नियमों का पालन करने को कहा गया है। किसी भी प्रकार की यातायात संबंधी समस्या या जानकारी के लिए संबंधित बीट प्रभारी अथवा यातायात मुख्यालय से संपर्क किया जा सकता है।