बिलासपुर। मंडी चौक से दुर्गा पंडाल देखकर लौट रहे 10वीं के छात्र और उसके दोस्तों पर पुरानी रंजिश को लेकर बदमाशों ने हमला कर दिया। चाकू और लोहे के कड़े से किए गए हमले में तीन युवक घायल हो गए। इनमें एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, कालीबाड़ी निवासी 10वीं का छात्र शौर्य सोनी अपने दोस्त राघव श्रीवास और अनय विश्वकर्मा के साथ बाइक से टिकरीपारा की ओर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में देव गोस्वामी ने उन्हें रोक लिया। उसने दो दिन पहले गाली देने की बात को लेकर विवाद शुरू कर दिया और मारपीट करने लगा।
हंगामा सुनकर शौर्य का चचेरा भाई कृष्णा सोनी बीच-बचाव करने पहुंचा। इसी दौरान आकाश यादव और शनि सिंह भी वहां आ गए। विवाद बढ़ने पर आकाश ने चाकू निकालकर कृष्णा की कमर में वार कर दिया। वहीं, शनि सिंह ने लोहे के कड़े से अनय के सिर पर हमला कर दिया। इस दौरान शौर्य भी घायल हो गया।
घटना के बाद घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। मामले की शिकायत मिलने पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।