
बिलासपुर। दुर्गा पूजा पंडाल में आरती के दौरान महिलाओं के गले से सोने की चेन चोरी करने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने 3 महिलाओं को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया ब्लेड जब्त किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने एक अन्य महिला की चेन चोरी करने की बात भी स्वीकार की है। चोरी की गई दूसरी चेन उन्होंने अपनी साथी रीना बंसल को देना बताया है।
पुलिस के मुताबिक, तेलीपारा रोड स्थित शहीद चंद्रशेखर आजाद दुर्गोत्सव समिति के पंडाल में 18 अक्टूबर की रात करीब 8:30 बजे श्वेता कश्यप आरती कर रही थीं। इसी दौरान अज्ञात लोगों ने उनके गले से करीब 14 ग्राम वजनी सोने की चेन चोरी कर ली। इसकी कीमत लगभग 60 हजार रुपये बताई गई है। शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम ने दुर्गा पंडाल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। संदिग्ध महिलाओं के हुलिए के आधार पर तलाश की जा रही थी। इसी दौरान 20 अक्टूबर को उसलापुर रेलवे स्टेशन पर संदिग्ध महिलाओं के मौजूद होने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर उनसे पूछताछ की। संदेह के आधार पर वर्षा बंसल, आशा बंसल और सबिता उर्फ सरिता बंसल को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में तीनों ने चेन चोरी की वारदात में शामिल होना स्वीकार किया।
गिरफ्तार महिलाओं में वर्षा बंसल (23), पति विजय बंसल, आशा बंसल (30), पति कृष्णा बंसल और सबिता उर्फ सरिता बंसल (30), पति जगज बंसल शामिल हैं। तीनों एमसीबी जिले के पोड़ी थाना क्षेत्र के केराडोर की निवासी हैं। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया ब्लेड जब्त कर तीनों को गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।