रतनपुर। मेला ग्राउंड स्थित किराना दुकान का ताला तोड़कर नगदी चोरी करने और इसके बाद दुकान में आग लगाने के मामले में रतनपुर पुलिस ने घटना के चंद घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की रकम में से 1116 रुपये बरामद किए हैं। आरोपी की पहचान रेस्ट हाउस के पास रतनपुर निवासी 19 वर्षीय गणेश सूर्यवंशी के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 25 सितंबर को भेंड़ीमुड़ा निवासी दुर्गा कश्यप ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि मेला ग्राउंड स्थित उनकी दुकान में आग लग गई है। आग से दुकान में रखा किराना सामान, फ्रिज, कूलर, पंखा, कुर्सी-टेबल और डेली नीड्स का सामान पूरी तरह जल गया। प्रार्थी ने करीब 5 लाख रुपये के नुकसान की बात कही थी।
जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास के लोगों ने पुलिस को एक संदिग्ध व्यक्ति के बारे में जानकारी दी। थाना प्रभारी ने आरोपी की तलाश के लिए टीम गठित की। पुलिस ने संदेही गणेश सूर्यवंशी को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने दुकान में चोरी की नीयत से घुसने और पेटी में रखे 3800 रुपये चोरी करने की बात स्वीकार की। आरोपी ने बताया कि चोरी की रकम में से 2684 रुपये खाने-पीने में खर्च कर दिए, जबकि 1116 रुपये उसके पास बचे थे। पूछताछ में उसने चोरी के बाद दुकान में रखी माचिस से आग लगाने की बात भी बताई।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। पुलिस के अनुसार आरोपी पूर्व में भी कई बार जेल जा चुका है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी रतनपुर निरीक्षक निलेश पाण्डेय, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक प्रतिभा पटेल, आरक्षक पवन ठाकुर और धीरज कश्यप का विशेष योगदान रहा।