बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना पुलिस ने दुकान में चोरी के मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने रात में दुकान का ताला तोड़कर गल्ले में रखी रकम और राशन सामग्री समेत करीब 3500 रुपये का सामान चोरी किया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की मशरुका बरामद कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार प्रार्थी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 22 अगस्त की रात करीब 9 बजे वह अपनी दुकान बंद कर घर चला गया था। 24 अगस्त की सुबह करीब 8 बजे दुकान खोलने पहुंचा तो शटर का ताला नहीं लगा था। अंदर जाकर जांच करने पर गल्ले में रखे रुपये और राशन सामग्री गायब मिली। चोरी गए सामान और रकम की कुल कीमत करीब 3500 रुपये बताई गई। प्रार्थी की रिपोर्ट पर 26 अगस्त को सिरगिट्टी थाने में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर, नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन और थाना प्रभारी प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक आकाश चौधरी के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने जांच शुरू की। संदेहियों की जानकारी जुटाने के साथ मुखबिरों को सक्रिय किया गया और संदिग्धों से पूछताछ की गई।
इसी दौरान भवानी नगर निवासी राहुल महतो (26) से पूछताछ करने पर उसने दुकान में चोरी करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की मशरुका बरामद कर उसे गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल किया गया।