बिलासपुर के दयालबन्द क्षेत्र में नारियल लूटने के लिए अरपा नदी में गए दो किशोर की मौत के मामले में तीसरे दिन दूसरे किशोर की लाश मिली। घटना 26 सितंबर की दोपहर 12:00 की है। बालमुकुंद स्कूल के छात्र अयान अंसारी 12 वर्ष, इमनेश अंसारी 16 वर्ष और हरीश कोसले मधुबन के पास अरपा नदी किनारे गए थे। इसी दौरान नदी में बहकर आ रहे नारियल को पकड़ने के लिए अयान गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे डूबता देखकर इमनेश ने भी नदी में छलांग लगा दी और अयान को बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन तेज बहाव के कारण दोनों पानी में बह गए।


 घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची थी। अयान का शव तो घटना के दिन ही मिल गया था, जबकि इमनेश का शव तीसरे दिन सोमवार सुबह नदी में मिला। इमनेश की तलाश में एसटीआरएफ और स्थानीय मछुआरों ने बोट की मदद से नदी और झाड़ियां में तलाश की तो वहीं पुलिस ने ड्रोन की मदद से भी नदी के किनारो और छठ घाट तक भी तलाश अभियान चलाया। सोमवार सुबह एक बार फिर इमनेश की तलाश शुरू हुई। इसी दौरान नदी के सतह पर एक शव दिखाई दिया। रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकाला तो शव की पहचान इमनेश अंसारी के रूप में हुई। हालांकि परिवार पहले ही आस छोड़ चुका था लेकिन लाश मिलने के बाद सभी फूट-फूट कर रोने लगे। इमनेश की लाश मिलने के बाद रही सही उम्मीद भी टूट गई।