बिलासपुर/बिल्हा। बरतोरी, बिल्हा स्थित स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ डॉक्टर पर उनकी पत्नी ने लंबे समय से मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि वह अपने दोनों बच्चों के साथ पिछले कई महीनों से अलग रह रही है, जबकि पति कथित तौर पर अपने लिए अलग मकान लेकर रह रहा है। महिला ने मामले में कार्रवाई के साथ खुद और बच्चों की सुरक्षा की मांग की है।
महिला के अनुसार, वह बच्चों के साथ जहां भी रहती है, पति वहां पहुंचकर गाली-गलौज और मारपीट करता है। उसका आरोप है कि पति उसे घर खाली करने की धमकी भी देता है। बच्चों के भरण-पोषण के लिए पैसे मांगने पर भी कथित तौर पर उसे परेशान किया जाता है।
महिला ने आरोप लगाया कि पति उसे दहेज को लेकर भी ताने देता है। उसके मुताबिक, पति कहता है कि वह दहेज में मंगलसूत्र के अलावा क्या लेकर आई है। महिला का कहना है कि लगातार विवाद और पति के व्यवहार का असर दोनों बच्चों पर भी पड़ा है और वे मानसिक व शारीरिक रूप से परेशान हैं।
महिला ने आरोप लगाया कि बुधवार को भी उसके साथ मारपीट की गई। उसका कहना है कि इस दौरान पति कथित तौर पर शराब के नशे में घर में पड़ा रहा। महिला ने पूरे मामले की शिकायत कर उचित कार्रवाई की मांग की है।
कार्रवाई नहीं हुई तो आत्महत्या की चेतावनी
महिला ने कहा कि यदि समय रहते मामले में कार्रवाई नहीं की गई और उसे तथा बच्चों को सुरक्षा नहीं मिली तो उसके सामने आत्महत्या के अलावा कोई रास्ता नहीं बचेगा। महिला की इस बात के बाद मामले को गंभीरता से लेने और उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करने की जरूरत है।
फिलहाल महिला द्वारा लगाए गए आरोपों पर पुलिस या स्वास्थ्य विभाग की ओर से की गई कार्रवाई की विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। मामले में पति का पक्ष भी सामने आना बाकी है। पुलिस जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।