सिरगिट्टी में प्रशिक्षु PSI पर बिना जांच FIR दर्ज करने का आरोप, SSP ने दिए जांच के निर्देश; TI को विशेष शाखा भेजा

बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में पति-पत्नी के विवाद ने नया मोड़ ले लिया है। करीब 2 साल से पति से अलग रह रही महिला की शिकायत पर पुलिस ने उसके पति के खिलाफ लूट और दुष्कर्म का मामला दर्ज किया है। आरोप है कि शिकायत की प्रारंभिक जांच किए बिना ही प्रशिक्षु PSI ने FIR दर्ज कर ली। मामला वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह तक पहुंचने के बाद उन्होंने इसे गंभीरता से लेते हुए नगर पुलिस अधीक्षक परमेश्वर तिलकवार को जांच कर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं। वहीं, थाना प्रभारी वाईपी सिंह को सिरगिट्टी थाने से हटाकर विशेष शाखा भेज दिया गया है।

पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चल रहा विवाद

जानकारी के अनुसार, सिरगिट्टी निवासी महिला का अपने पति से विवाद चल रहा है। दोनों करीब 2 साल से अलग रह रहे हैं और महिला मायके में रह रही है। बताया गया है कि पति-पत्नी के बीच का मामला न्यायालय में विचाराधीन है। मामले में सुनवाई पूरी हो चुकी है और निर्णय आना बाकी है।

बुलाकर कमरे में बंद करने का आरोप

बताया जा रहा है कि महिला ने किसी माध्यम से अपने पति को घर आने की सूचना दी थी। पत्नी के बुलाने पर पति वहां पहुंचा। आरोप है कि इसके बाद महिला ने उसे कमरे में बंद कर दिया और थाने पहुंचकर पति के खिलाफ लूट और दुष्कर्म की शिकायत दर्ज करा दी। शिकायत मिलने पर थाने में पदस्थ प्रशिक्षु PSI ने दोनों आरोपों में मामला दर्ज कर लिया।

इसके बाद पति की गिरफ्तारी के लिए दबाव बनाए जाने की बात भी सामने आई। मामले की जानकारी SSP रजनेश सिंह तक पहुंचने पर उन्होंने प्रकरण को गंभीरता से लिया और संबंधित अधिकारियों से जवाब-तलब किया।

जांच के बाद स्पष्ट होगी स्थिति

SSP ने CSP परमेश्वर तिलकवार को पूरे मामले की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। जांच में शिकायत की परिस्थितियों, FIR दर्ज करने की प्रक्रिया और पुलिस की भूमिका की पड़ताल की जाएगी। फिलहाल, महिला की ओर से लगाए गए आरोपों और पति के खिलाफ दर्ज मामले की वास्तविक परिस्थितियां जांच के बाद ही स्पष्ट होंगी।