बिलासपुर। चक्रवात 'मुरासु' का असर समाप्त होने और मौसम शुष्क होने के साथ ही बिलासपुर में ठंड ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान और आसमान में छाए बादलों के कारण नवंबर की शुरुआत में ठंड का असर कम रहा, लेकिन अब मौसम साफ होते ही न्यूनतम तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की जा रही है। महज दो दिनों में रात का पारा 4.4 डिग्री सेल्सियस लुढ़ककर 16.8 डिग्री पर पहुंच गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को बिलासपुर का न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। शुक्रवार को यह घटकर 18.7 डिग्री पर आ गया, जबकि अब इसमें और गिरावट के साथ तापमान 16.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। लगातार गिरते तापमान और उत्तरी हवाओं के प्रभाव से सुबह और रात के समय ठिठुरन बढ़ने लगी है।
अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट आने की संभावना है। इसके बाद तापमान में किसी बड़े बदलाव का अनुमान नहीं है। मौसम में आए इस बदलाव का असर अब आम जनजीवन पर भी दिखने लगा है। सुबह घरों से निकलने वाले लोगों को ठंडी हवाओं का सामना करना पड़ रहा है। वहीं रात में भी हल्की ठंड के बजाय सिहरन महसूस होने लगी है। लोगों ने गर्म कपड़े, स्वेटर और कंबल निकालने शुरू कर दिए हैं।