तेज रफ्तार कार पलटी, थार से टकराई बुलेट, बाइक की टक्कर से बुजुर्ग ने तोड़ा दम; जिले में हर साल 300 से अधिक लोग गंवा रहे जान
बिलासपुर। दिवाली का त्योहार तीन परिवारों के लिए जिंदगी भर का दर्द बन गया। रोशनी और खुशियों के इस पर्व पर जिले में दो दिनों के भीतर अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए 3 सड़क हादसों ने तीन लोगों की जान ले ली। कहीं दुकान बंद कर घर लौट रहा युवा व्यवसायी थार से जा टकराया तो कहीं तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई। एक अन्य हादसे में बाइक की टक्कर से बुजुर्ग की मौत हो गई। जिन घरों में दिवाली के दीप जलने थे, वहां अपनों की मौत से मातम छा गया।
दुकान बंद कर घर लौट रहा था व्यवसायी, थार से भिड़ी बुलेट
सरकंडा थाना क्षेत्र के पाटलीपुत्र नगर मोड़ के पास दिवाली की रात दर्दनाक हादसा हुआ। सीपत रोड स्थित अपनी दुकान बंद कर युवा व्यवसायी आयुष गुप्ता (31), पिता संतोष गुप्ता, बुलेट से घर लौट रहा था। रात करीब 1:30 बजे पाटलीपुत्र नगर मोड़ के पास उसकी बुलेट सीधे थार से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आयुष की मौके पर ही मौत हो गई। त्योहार की रात घर लौटने का इंतजार कर रहे परिजनों को उसकी मौत की खबर ने झकझोर दिया।
लाखासार मोड़ पर बाइक की टक्कर से बुजुर्ग की मौत
सकरी थाना क्षेत्र के लाखासार मोड़ पर सोमवार को एक अन्य सड़क हादसे में 75 वर्षीय जेठूराम दिनकर की जान चली गई। ग्राम बेलगहना निवासी जेठूराम अपनी टीवीएस एक्सल से जा रहे थे। इसी दौरान बिलासपुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रही बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में घायल बुजुर्ग को प्राथमिक उपचार के बाद परिजन घर ले गए, लेकिन शाम करीब 4 बजे उनकी मौत हो गई।
पेंडारी के पास पलटी तेज रफ्तार कार, युवक की मौत
सकरी थाना क्षेत्र के पेंडारी गांव के पास सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे बिलासपुर-तखतपुर मार्ग पर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में कार सवार कस्तूरबा नगर, सिविल लाइन निवासी प्रेम सिंह ठाकुर (32) की मौत हो गई, जबकि उनके साथी और कार चालक राजेश सोनवानी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों तखतपुर जाने के लिए घर से निकले थे, लेकिन रास्ते में ही हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं।
हर साल 300 से अधिक मौतें, 65 प्रतिशत हादसों की वजह तेज रफ्तार
जिले में सड़क दुर्घटनाओं का आंकड़ा लगातार चिंता बढ़ा रहा है। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, हर साल 300 से 350 से अधिक लोग सड़क हादसों में जान गंवा रहे हैं। पिछले 10 महीनों में ही जिले में 1170 से अधिक सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गईं, जिनमें 330 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है।
हादसों की प्रमुख वजहों में तेज रफ्तार सबसे आगे है। आंकड़ों के अनुसार, करीब 65 प्रतिशत दुर्घटनाएं तेज गति और अनियंत्रित वाहन चलाने के कारण होती हैं। इसके अलावा गलत दिशा में वाहन चलाने, अचानक लेन बदलने, बिना इंडिकेटर मुड़ने जैसी लापरवाही से करीब 14 प्रतिशत हादसे होते हैं। रात के समय सड़कों और हाईवे पर बैठे आवारा मवेशियों के कारण करीब 12 प्रतिशत दुर्घटनाएं होती हैं। वहीं सड़क के गड्ढे, अंधे मोड़, ब्लैक स्पॉट, संकेतक बोर्ड की कमी और स्ट्रीट लाइट का अभाव भी करीब 9 प्रतिशत हादसों की वजह बनते हैं।
दिवाली के दो दिनों में हुई तीन मौतें एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं। तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी का खामियाजा आखिरकार उन परिवारों को भुगतना पड़ रहा है, जिनका कोई अपना सड़क से कभी वापस नहीं लौटता।