बिलासपुर। दीपावली का त्योहार जहां हर घर में खुशियां और रोशनी लेकर आया, वहीं एक परिवार के लिए यह पर्व जिंदगी भर का दर्द बन गया। सड़क हादसे में परिवार के युवा बेटे की मौत से खुशियों का माहौल मातम में बदल गया।
दर्दनाक हादसा सरकंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत वसंत विहार चौक के पास लोयोला स्कूल रोड पर ईडन कोर्ट के सामने हुआ। मिली जानकारी के अनुसार, आयुष गुप्ता बुलेट बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान आगे चल रही थार गाड़ी के पीछे उनकी बाइक हादसे का शिकार हो गई। हादसा इतना गंभीर था कि आयुष गुप्ता की जान चली गई।
युवा आयुष की असमय मौत की खबर से परिवार और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई। जिस घर में दीपावली की तैयारियां और खुशियां होनी थीं, वहां अब अपनों को खोने का गम छा गया है।
देर रात थार और मोटरसाइकिल दोनों तेज रफ्तार में थे। इसी दौरान थार चालक ने बिना इंडिकेटर दिए गाड़ी राइट साइड में मोड़ दी , जिससे पीछे चल रहा बाइक चालक स्पीड पर काबू नहीं कर पाया और कार के पीछे आ टकराया जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी की थार गेट के पास लगे बैरियर को तोड़ते हुए ईडेन कोर्ट में जा घुसी। मामला सरकंडा थाना क्षेत्र का है।