7 लाख के जेवर और 1.30 लाख नकद बरामद, चोरी की रकम से खरीदी क्रेटा और बुलेट भी जब्त
बिलासपुर। जिले के ग्रामीण इलाकों में दिनदहाड़े सूने मकानों का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी करने वाले 3 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर बिलासपुर जिले के विभिन्न थानों में दर्ज 9 मामलों और कोरबा जिले के पाली थाना क्षेत्र के 1 मामले सहित कुल 10 चोरी की घटनाओं का खुलासा हुआ है। पुलिस ने करीब 6 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर, 1.30 लाख रुपये नकद और गुल्लक से मिले 1,250 रुपये के अलावा चोरी की रकम से खरीदी गई क्रेटा कार और बुलेट मोटरसाइकिल समेत अन्य वाहन जब्त किए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कोरबा जिले के मानिकपुर क्षेत्र के डिपरपारा निवासी विनोद कुमार वासुदेव (33), भूपेंद्र सिंह राठौर उर्फ गुरुजी (43) और राज प्रजापति उर्फ लल्लू (19) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के खिलाफ पूर्व में जांजगीर जिले में भी दिनदहाड़े चोरी के 19 मामले दर्ज रहे हैं। इन मामलों में आरोपी वर्ष 2022-23 में जेल भी जा चुके हैं और प्रकरण विचाराधीन हैं।
खेतों में जाते थे ग्रामीण, पीछे से तोड़ते थे ताला
पुलिस के अनुसार, पिछले कुछ महीनों से कोटा, रतनपुर, बिल्हा, बेलगहना और पचपेड़ी सहित ग्रामीण क्षेत्रों में दिन के समय सूने मकानों में चोरी की घटनाएं हो रही थीं। ग्रामीणों के खेती-किसानी या अन्य काम से घर से बाहर जाने के दौरान आरोपी ऐसे मकानों की रेकी करते थे। मकान में ताला लगा मिलने पर उसे तोड़कर पेटी और आलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवर तथा नकदी पार कर देते थे।
लगातार हो रही घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने आरोपियों की पतासाजी और चोरी का सामान बरामद करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद थाना कोटा और एसीसीयू बिलासपुर की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। संदेह के आधार पर कोरबा जिले के तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया।
चोरी के पैसों से खरीदी क्रेटा और बुलेट
पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने चोरी की रकम से वाहन भी खरीदे थे। पुलिस के मुताबिक, विनोद कुमार वासुदेव ने चोरी के पैसों से क्रेटा कार खरीदी थी और उसकी किस्तें भी उसी रकम से चुकाई थीं। वहीं, राज प्रजापति उर्फ लल्लू ने चोरी की रकम से अपने चाचा के नाम पर बुलेट मोटरसाइकिल खरीदी थी। पुलिस ने अपराध से अर्जित संपत्ति मानते हुए क्रेटा कार और बुलेट मोटरसाइकिल जब्त कर ली है।
6 लाख के जेवर और नकदी जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10 जोड़ी चांदी की पायल, सोने का मंगलसूत्र, सोने के पत्ती लॉकेट, सोने के दाने, चांदी की अंगूठियां, सोने के टॉप्स और फुल्ली, बच्चों के सोने-चांदी के आभूषण, चांदी की चाबी का छल्ला, हाथ पोछनी, चूड़ा, बिछिया, सिंदूर डिब्बा और करधन सहित करीब 6 लाख रुपये के जेवर बरामद किए हैं। इसके अलावा 1.30 लाख रुपये नकद और गुल्लक के 1,250 रुपये भी जब्त किए गए हैं।
जब्त वाहनों में करीब 10 लाख रुपये की क्रेटा कार, 1.50 लाख रुपये की बुलेट मोटरसाइकिल और 1 लाख रुपये की होंडा एसपी शाइन मोटरसाइकिल शामिल है।
संयुक्त टीम ने की कार्रवाई
पूरी कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह, एसीसीयू के नोडल अधिकारी सीएसपी सुदीप सरकार और एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय के नेतृत्व में की गई। टीम में थाना कोटा के निरीक्षक शशिकांत भारद्वाज, थाना प्रभारी उपनिरीक्षक दिलीप साहू, प्रधान आरक्षक सत्यप्रकाश यादव, उमाशंकर राठौर सहित एसीसीयू प्रभारी निरीक्षक गोपाल सतपथी, उपनिरीक्षक कमलेश बंजारे और अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को 10 मामलों में गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की संपत्ति की भी जांच की जाएगी, ताकि अपराध से अर्जित अन्य संपत्तियों का पता लगाया जा सके।