
बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला के नेतृत्व में निकली यात्रा पहुंची नगोई के मां वैष्णोदेवी धाम, माता के दर्शन कर श्रद्धालुओं ने लिया आशीर्वाद
बिलासपुर। बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में विधायक सुशांत शुक्ला के नेतृत्व में निकाली जा रही ध्वजा यात्रा के तीसरे दिन गांव-गांव में श्रद्धा और उत्साह का माहौल रहा। यात्रा खैरा (ड़) से आगे बढ़ते हुए डंगनिया, सेलर, मोहरा, उरतुम, परसाही, डबहिपारा और उरैहापारा पहुंची। इस दौरान ग्रामीणों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। माता के जयकारों से गांवों का माहौल भक्तिमय हो गया। यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं के उत्साह और ग्रामीणों की भागीदारी ने पूरे आयोजन को आस्था के रंग में रंग दिया।
सेलर में युवाओं और महिलाओं ने किया स्वागत
ध्वजा यात्रा के विभिन्न पड़ावों पर ग्रामीणों ने पारंपरिक तरीके से स्वागत और अभिनंदन किया। ग्राम सेलर में यात्रा के पहुंचने पर युवाओं और महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया और माता के जयकारे लगाए। रास्ते में पड़ने वाले अन्य गांवों में भी लोगों ने यात्रा के स्वागत के लिए तैयारियां की थीं। दिनभर गांवों से गुजरती यात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह बना रहा।
नगोई के मां वैष्णोदेवी धाम में पूजा-अर्चना
विभिन्न गांवों से होते हुए ध्वजा यात्रा नगोई स्थित मां वैष्णोदेवी धाम पहुंची। यहां बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला सहित श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद लिया। धाम पहुंचने पर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। माता के जयकारों और भक्ति भाव के बीच श्रद्धालुओं ने अपनी आस्था व्यक्त की।
जगराते में देर रात तक गूंजे भजन
पूजा-अर्चना के बाद मां वैष्णोदेवी धाम में माता के जगराते का आयोजन किया गया। भक्ति गीतों और भजनों की प्रस्तुति के बीच श्रद्धालु देर रात तक माता की आराधना में लीन रहे। दिनभर ध्वजा यात्रा में शामिल होने के बावजूद लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ। जगराते में भक्तिमय माहौल बना रहा और श्रद्धालु भजनों पर झूमते नजर आए।
तीसरे दिन की यात्रा और धार्मिक आयोजन के बाद नगोई में रात्रि विश्राम किया गया। ध्वजा यात्रा के दौरान गांव-गांव में मिले स्वागत और श्रद्धालुओं की भागीदारी ने क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का माहौल बनाए रखा।