बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र के ग्राम सैदा गतवापारा में दहेज के लिए नवविवाहिता की गला घोंटकर हत्या करने का मामला सामने आया है। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को साड़ी के फंदे पर लटका दिया, ताकि घटना आत्महत्या जैसी लगे। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में गला घोंटने से मौत की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने पति, सास और देवर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

सिम्स अस्पताल से 26 सितंबर को नवविवाहिता की मौत की सूचना सकरी पुलिस को मिली थी। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराया। रिपोर्ट में गला घोंटने से मौत की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने ससुराल पक्ष से पूछताछ शुरू की। शुरुआती पूछताछ में आरोपी पुलिस को गुमराह करते रहे, लेकिन उनके बयानों में विरोधाभास मिलने पर कड़ाई से पूछताछ की गई।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने दहेज को लेकर महिला को लगातार प्रताड़ित करने की बात स्वीकार की। 26 सितंबर को विवाद के दौरान पति रोहित निर्मलकर (30), देवर मोहित निर्मलकर (25) और सास ठगिया निर्मलकर (60) ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद गले में पट्टा फंसाकर खींचने से उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को कमरे में साड़ी के सहारे फंदे पर लटका दिया।

पड़ोसियों की नजर पड़ने पर फंदा काटकर शव नीचे उतारा गया और उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सकरी पुलिस ने पति, देवर और सास के खिलाफ BNS की धारा 80, 238 और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया है।