
तखतपुर, 25 अगस्त 2026। बूटेना, मुरु, डिघोरा, मेड़पार(छोटा) ,मोहदा, धौराभाटा मुख्य सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर आज छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना द्वारा अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) तखतपुर को ज्ञापन सौंपकर तत्काल सड़क निर्माण एवं मरम्मत कराने की मांग की गई।
बलराम साहू ने बताया कि बारिश के कारण सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिनमें पानी और कीचड़ भर जाने से राहगीरों, वाहन चालकों एवं स्कूली बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क की खराब स्थिति के कारण दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है।
छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना बिलासपुर के जिला अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि ब्रज आयरन एंड स्टील प्लांट एवं आसपास के कोल डिपो से निकलने वाले भारी एवं ओवरलोड वाहनों की लगातार आवाजाही से सड़क की स्थिति और अधिक खराब हो रही है। संगठन ने मांग की है कि संबंधित प्लांट के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए तथा भारी वाहनों के आवागमन को नियंत्रित किया जाए।
भागवत सूर्यवंसी ने ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से बूटेना–धौराभाटा सड़क का जल्द से जल्द गुणवत्तापूर्ण एवं स्थायी निर्माण कराने, गड्ढों की तत्काल मरम्मत करने तथा सड़क खराब होने के लिए जिम्मेदार लोगों एवं संस्थानों पर कार्रवाई करने की मांग की गई।
छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना के ब्लॉक उपाध्यक्ष लोकेश निषाद ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि ग्रामीणों की मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई और सड़क निर्माण का कार्य प्रारंभ नहीं हुआ, तो ग्रामीणों के साथ मिलकर चक्काजाम एवं उग्र जनआंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग एवं प्रशासन की होगी।
छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना से निलाहल ने कहा कि जनता की जान-माल की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और सड़क निर्माण की मांग को लेकर संघर्ष लगातार जारी रहेगा।
ज्ञापन देने के लिए संगठन की ओर से बलराम साहू, भागवत सूर्यवंसी, निहाल मानिकपुर, लोकेश निषाद, विजय श्रीवास्तव, कमलेश श्रीवास्तव, हेमंत साहू, कासीराम, विश्राम, गज्जू, हेमंत,गोविंद, और अन्य ग्रामीण बड़ी संख्या म उपस्थित रहें।