बिलासपुर। सिटी कोतवाली पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर धारदार चाकू लहराकर राहगीरों को डराने-धमकाने वाले 4 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 4 धारदार चाकू बरामद किए गए हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर शहर में गुंडा-बदमाशों और अड्डेबाजों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी दौरान 15 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ युवक रिवर व्यू रोड, कंसा चौक, ज्वाली नाला और अरपा नदी कच्ची रोड के पास धारदार हथियार लहराकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहे हैं।

सूचना के आधार पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार को अवगत कराया गया। अधिकारियों के निर्देश पर सिटी कोतवाली पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर लक्की यादव (27), निवासी कुम्हारपारा करबला, दीप उर्फ दीपू श्रीवास (28), निवासी टिकरापारा, विक्की यादव (25), निवासी जूनी लाइन और शिवा यादव (24), निवासी गोंडपारा को पकड़ा।

तलाशी के दौरान चारों आरोपियों के पास से 1-1 धारदार चाकू बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 522/26, 523/26, 524/26 और 525/26 दर्ज कर धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की। इसके बाद सभी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।