महाष्टमी पर उमड़े श्रद्धालु, 108 दीपक और कमल के फूलों से होगी संधि पूजा

बिलासपुर। शहर में शारदीय नवरात्र के साथ दुर्गोत्सव की धूम है। जगह-जगह आकर्षक पंडालों में मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जा रही है। इसी कड़ी में तोरवा के धान मंडी चौक स्थित श्री श्री विवेकानंद दुर्गा पूजा समिति द्वारा भी दुर्गोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। समिति इस वर्ष आयोजन का 20वां वर्ष मना रही है। महाष्टमी के अवसर पर रविवार को यहां विशेष पूजा-अर्चना, आरती और पुष्पांजलि का आयोजन किया गया। इस दौरान बिलासपुर विधायक एवं पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल मां दुर्गा के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे।

विधायक अमर अग्रवाल ने पुरोहित सुमित चक्रवर्ती के सानिध्य में विधि-विधान से मां दुर्गा की आराधना की और पुष्पांजलि अर्पित कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक सिंह सहित रोशन सिंह, पल्लव धर, पूर्ति धर, सुमित बनर्जी, शुभेंदु धर, विजय शिवसागर, एसके सिंह, शशांक शर्मा और सोनू सरकार समेत समिति के सदस्य एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बंगाली परंपरा के अनुसार हो रही पूजा

श्री श्री विवेकानंद दुर्गा पूजा समिति द्वारा दुर्गोत्सव का आयोजन बंगाली परंपरा के अनुरूप किया जा रहा है। महाष्टमी पर सुबह से ही पूजा-अर्चना और आरती के लिए श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। भक्तों ने मां दुर्गा के दर्शन कर पुष्पांजलि अर्पित की। पंडाल में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ धार्मिक अनुष्ठान किए जा रहे हैं। मां दुर्गा की आकर्षक प्रतिमा के साथ चैतन्य देवियों की झांकी भी सजाई गई है, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं।

108 दीपक और कमल के फूलों से होगी संधि पूजा

समिति की ओर से सोमवार सुबह 7:26 बजे संधि पूजा का आयोजन किया जाएगा। बंगाली परंपरा में संधि पूजा का विशेष धार्मिक महत्व है। इस अवसर पर 108 दीपक प्रज्ज्वलित कर और 108 कमल के फूलों के साथ मां दुर्गा की विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी। इस अनुष्ठान को लेकर समिति द्वारा तैयारियां की गई हैं। श्रद्धालु इस विशेष पूजा में शामिल होकर मां का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।

20 अक्टूबर को महानवमी, 21 को होगा विसर्जन

दुर्गोत्सव के तहत 20 अक्टूबर को महानवमी की पूजा की जाएगी। इसके बाद 21 अक्टूबर को विजयादशमी के अवसर पर दशमी पूजा के साथ मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा। समिति द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सभी धार्मिक अनुष्ठान पारंपरिक विधि-विधान से संपन्न कराए जाएंगे।

आयोजन के 20वें वर्ष को लेकर समिति के सदस्यों में विशेष उत्साह है। पूजा पंडाल को आकर्षक ढंग से सजाया गया है और श्रद्धालुओं की सुविधा का ध्यान रखा जा रहा है। तोरवा के धान मंडी चौक में आयोजित यह दुर्गोत्सव धार्मिक आस्था के साथ बंगाली संस्कृति और परंपरा की झलक भी प्रस्तुत कर रहा है। पूजा-अर्चना, आरती, पुष्पांजलि और विशेष अनुष्ठानों में शामिल होने के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।