बिलासपुर। दीपावली के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए सिटी कोतवाली पुलिस ने सोमवार, 26 अक्टूबर को विभिन्न व्यापारी संगठनों के पदाधिकारियों और व्यापारियों की बैठक ली। बैठक में दुकानों के बाहर सड़क तक सामान फैलाने और सड़क पर टेंट सहित अन्य सामग्री रखने से यातायात बाधित होने की समस्या पर चर्चा की गई। पुलिस ने व्यापारियों को पीली पट्टी के बाहर अतिक्रमण नहीं करने की समझाइश दी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर आयोजित बैठक में पुलिस ने व्यापारियों से कहा कि दीपावली के दौरान बाजारों में ग्राहकों की भीड़ बढ़ने से यातायात का दबाव भी बढ़ जाता है। ऐसे में दुकानों का सामान सड़क तक फैलाने और सड़क पर टेंट या अन्य सामग्री रखने से आवागमन प्रभावित होता है। इससे आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है और बाजारों में जाम की स्थिति बन सकती है।
पुलिस ने व्यापारियों से अपनी दुकानों का सामान निर्धारित सीमा में रखने तथा पीली पट्टी के बाहर सड़क पर किसी तरह की सामग्री नहीं रखने की अपील की। साथ ही व्यापारी संगठनों से दीपावली के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने कहा, ताकि खरीदारी के लिए बाजार आने वाले लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।