
प्रति दुकान 6500 रुपए शुल्क तय, निगम कराएगा पानी और सफाई की व्यवस्था
बिलासपुर। दीपावली पर पटाखों की बिक्री के लिए इस बार रिवर व्यू में अस्थायी पटाखा बाजार लगाया जाएगा। यहां 135 से 140 दुकानें लगाने की तैयारी है। गुरुवार को नगर निगम की टीम ने स्थल का निरीक्षण कर नापजोख की। बाजार शुरू करने से पहले जमीन का समतलीकरण कराया जाएगा, ताकि दुकानदारों और ग्राहकों को परेशानी न हो। प्रत्येक दुकान के लिए 6500 रुपए शुल्क निर्धारित किए जाने की जानकारी है।
निगम कराएगा पानी और सफाई की व्यवस्था
पटाखा बाजार में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी नगर निगम की होगी। बाजार स्थल पर पानी की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही साफ-सफाई बनाए रखने के लिए टैंकर से पानी का छिड़काव कराया जाएगा। वहीं, दुकानों के लिए टेंट लगाने और बिजली पहुंचाने की व्यवस्था व्यापारियों को अपने स्तर पर करनी होगी।
अग्निशमन यंत्रों से होगी सुरक्षा
पटाखा बाजार में आग से बचाव के लिए अग्निशमन यंत्रों की व्यवस्था की जाएगी। सुरक्षा संबंधी इंतजामों की जिम्मेदारी फायर ब्रिगेड संभालेगी। दुकानों को निर्धारित लेआउट के अनुसार लगाया जाएगा, ताकि उनके बीच पर्याप्त दूरी रहे और ग्राहकों की आवाजाही में बाधा न आए।
गुरुवार को नापजोख के बाद अब बाजार के लेआउट को अंतिम रूप देने और जमीन के समतलीकरण की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। उपलब्ध जगह के अनुसार दुकानों की संख्या और उनकी व्यवस्था तय की जाएगी। दीपावली के दौरान पटाखों की बिक्री और ग्राहकों की आवाजाही को व्यवस्थित बनाए रखने के लिए बाजार स्थल पर जरूरी इंतजाम किए जाएंगे।