सदर बाजार, गोल बाजार, हटरी चौक और शनिचरी बाजार में रहेगी विशेष निगरानी, 8 स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था, भीड़ बढ़ने पर बदलेगा ट्रैफिक रूट

बिलासपुर। दीपावली पर बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ और यातायात के दबाव से निपटने के लिए यातायात पुलिस ने विशेष व्यवस्था की तैयारी की है। शहर के प्रमुख बाजारों और व्यस्त मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। भीड़ और वाहनों का दबाव बढ़ने पर तत्काल डायवर्सन लागू कर वाहनों को दूसरे रास्तों से निकाला जाएगा। सदर बाजार, गोल बाजार, हटरी चौक, शनिचरी बाजार और तेलीपारा रोड पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। वहीं, खरीदारी के लिए आने वाले लोगों के वाहनों की पार्किंग के लिए 8 स्थान चिह्नित किए गए हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस ने शहर के प्रमुख मार्गों और बाजार क्षेत्रों का निरीक्षण कर व्यवस्था तैयार की है। इसके तहत प्रमुख चौक-चौराहों, यातायात बीट और पॉइंट पर अतिरिक्त बल लगाया जाएगा। हाईवे और शहर के भीतर क्रेन पेट्रोलिंग के साथ आपातकालीन ड्यूटी के लिए भी पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।

भीड़ बढ़ी तो इन रास्तों से होगा डायवर्सन

यातायात पुलिस के अनुसार सदर बाजार, गोल बाजार, हटरी चौक, शनिचरी बाजार और तेलीपारा रोड में भीड़ बढ़ने पर तत्काल एकांगी मार्ग और डायवर्सन लागू किया जा सकता है। इसके लिए गांधी चौक, पुराना बस स्टैंड, वाल्मीकि चौक, सिम्स तिराहा, रामसेतु चौक और हैप्पी स्ट्रीट मार्ग सहित अन्य स्थानों को संभावित डायवर्सन पॉइंट के रूप में रखा गया है। वाहन चालकों को मौके की स्थिति के अनुसार बदले हुए मार्ग से गंतव्य तक भेजा जाएगा। इसके अलावा जरूरत के मुताबिक नो एंट्री और नो पार्किंग जोन भी बनाए जाएंगे।

8 स्थानों पर पार्किंग, सार्वजनिक परिवहन के इस्तेमाल की अपील

बाजार आने वाले लोगों के वाहनों की पार्किंग के लिए मल्टीलेवल पार्किंग कोतवाली चौक, लाल बहादुर शास्त्री स्कूल मैदान, हैप्पी स्ट्रीट, नई रिवर व्यू, बाजपेयी मैदान, लखीराम ऑडिटोरियम की बेसमेंट पार्किंग और अन्य ओपन एरिया पार्किंग को चिह्नित किया गया है। यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे बाजार के भीतर वाहन ले जाने के बजाय निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करें। संभव हो तो सार्वजनिक परिवहन से बाजार पहुंचें, ताकि सड़कों पर वाहनों का दबाव कम रहे।

दुकानदारों को भी दी गई हिदायत

यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए दुकानदारों, फुटकर व्यापारियों, ठेला-गुमटी संचालकों और फेरी लगाकर सामान बेचने वालों को सड़क पर दुकान का सामान फैलाने से मना किया गया है। दुकानदारों से ग्राहकों के खड़े होने के लिए भी पर्याप्त जगह रखने कहा गया है। व्यावसायिक संगठनों से अपनी दुकानों के सामने निर्धारित पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित कराने और ग्राहकों को उसी का उपयोग करने के लिए प्रेरित करने की अपील की गई है।

शराब पीकर वाहन चलाने और सड़क पर पटाखे फोड़ने पर रोक

यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से शराब पीकर वाहन नहीं चलाने, तेज गति से वाहन चलाने, बिना हेलमेट और सीट बेल्ट के वाहन चलाने, रांग साइड जाने और दोपहिया वाहनों में तीन सवारी बैठाने से बचने की अपील की है। मालवाहक वाहनों में सवारी बैठाने पर भी रोक का पालन करने कहा गया है। मुख्य मार्गों और सार्वजनिक सड़कों पर पटाखे नहीं फोड़ने की हिदायत दी गई है। पटाखा दुकानों को भी नगर प्रशासन द्वारा निर्धारित स्थानों पर सुरक्षा मानकों के अनुरूप ही संचालित करने कहा गया है।

त्योहारी खरीदारी के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ के बीच एंबुलेंस और अन्य आवश्यक सेवाओं के वाहनों के लिए रास्ता उपलब्ध कराने पर भी विशेष जोर दिया गया है। यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि डायवर्सन और पार्किंग संबंधी निर्देशों का पालन करें, ताकि दीपावली के दौरान शहर में आवागमन सुचारू बना रहे।