बिलासपुर। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत बिल्हा पुलिस ने वाहनों में नियम विरुद्ध अतिरिक्त लोहे के एंगल लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने 2 पिकअप वाहनों को जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार पेट्रोलिंग के दौरान हाईवे रोड बिल्हा पर रोहित साहू के माजदा वाहन क्रमांक CG10AF 5072 और बिल्हा मेन रोड पर चैनदास मानिकपुरी के माजदा वाहन क्रमांक CG10CE 3303 की जांच की गई। दोनों वाहनों में डीजे लोड करने के लिए वाहन के दाएं, बाएं और ऊपर लोहे के अतिरिक्त एंगल लगाए गए थे। पुलिस ने बताया कि इस तरह अतिरिक्त ढांचा लगाए जाने से सड़क दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

मामले में रोहित साहू पिता रामगोपाल साहू, उम्र 29 वर्ष, निवासी खरकेना थाना हिर्री और चैनदास मानिकपुरी पिता गोवर्धन दास मानिकपुरी, उम्र 24 वर्ष, निवासी बिल्हा के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई। दोनों वाहनों को धारा 207 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत जब्त किया गया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वाहनों में नियम विरुद्ध तरीके से अतिरिक्त एंगल या अन्य संरचना लगाने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक तोपसिंह नवरंग, प्रधान आरक्षक 786 अनिल बंजारे, आरक्षक 1431 अर्जुन जांगड़े और आरक्षक 1390 संतोष मरकाम का विशेष योगदान रहा।