बिलासपुर। हिर्री थाना क्षेत्र के ग्राम बोइसरा में चरित्र पर शंका को लेकर पति ने गर्भवती पत्नी के साथ मारपीट करते हुए रॉड से हमला कर दिया। हमले में महिला के गर्भ में पल रहे बच्चे की मौत हो गई। गंभीर हालत में महिला को रायपुर रेफर किया गया है। पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
घटना शुक्रवार रात की बताई जा रही है। दंपती घर पर थे, इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि पति ने पत्नी के चरित्र पर संदेह करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। पत्नी ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की। इसी दौरान उसने महिला के पेट पर भी वार किया और रॉड से हमला कर दिया। इसके बाद आरोपी घायल पत्नी को घर में छोड़कर फरार हो गया।
परिजन महिला को खून से लथपथ हालत में अस्पताल लेकर पहुंचे। जांच के बाद डॉक्टरों ने गर्भ में पल रहे बच्चे को मृत घोषित कर दिया। महिला की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया।
पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपी की तलाश में बोइसरा सहित उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
वृद्ध मां पर भी कर चुका है हमला
पुलिस के मुताबिक आरोपी करीब पांच महीने पहले खाना देर से देने की बात पर अपनी वृद्ध मां के साथ भी मारपीट कर चुका है। परिजनों के अनुसार आरोपी आए दिन घरवालों के साथ विवाद और मारपीट करता था।