बिलासपुर। चकरभाठा थाना क्षेत्र में चरित्र पर संदेह को लेकर पति ने पत्नी से विवाद किया और फावड़े के बेंत से उसके सिर पर हमला कर दिया। हमले में महिला के सिर में चोट लगने से खून निकलने लगा। घटना 3 अक्टूबर की रात करीब 9.30 बजे की है। पुलिस ने महिला की शिकायत पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार ग्राम छतौना निवासी बुधवारा ध्रुव पति मेलू ध्रुव (37) इंदु कॉलोनी के पास परिवार के साथ रहती हैं और मजदूरी करती हैं। उन्होंने शिकायत में बताया कि उनका पति शराब पीने के बाद अक्सर उनके चरित्र पर संदेह करता है और विवाद करता है।
3 अक्टूबर की रात भी पति शराब के नशे में घर पहुंचा। काम के बहाने बाहर जाने को लेकर वह पत्नी से आपत्तिजनक बातें कहते हुए गाली-गलौज करने लगा। बुधवारा ने गाली देने से मना किया तो आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद पास में रखे फावड़े के बेंत से उसके सिर पर वार कर दिया। हमले में महिला के सिर से खून निकलने लगा। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।