सुरक्षा में चूक पर दो आरक्षक लाइन अटैच, सीएसपी और थाना प्रभारी को भी लगी फटकार
बिलासपुर। चकरभाठा थाने में पूछताछ के लिए लाया गया एनडीपीएस एक्ट का आरोपी पुलिसकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया। आरोपी ने पहले पुलिसकर्मियों से चप्पल मांगी और इसी दौरान मौका पाकर थाने से भाग निकला। हैरानी की बात यह रही कि उसकी निगरानी में तैनात जवानों को इसकी भनक तक नहीं लगी। घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। सुरक्षा में लापरवाही बरतने पर दो आरक्षकों को लाइन अटैच कर दिया गया है। वहीं, चकरभाठा सीएसपी और थाना प्रभारी को भी वरिष्ठ अधिकारियों ने कड़ी फटकार लगाई है।
जानकारी के अनुसार, एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में आरोपी को पूछताछ के लिए चकरभाठा थाने लाया गया था। उसकी निगरानी की जिम्मेदारी आरक्षक भागवत चंद्राकर और गोवर्धन शर्मा को दी गई थी। बताया जा रहा है कि आरोपी ने पुलिसकर्मियों से चप्पल मांगी। इसी दौरान पुलिसकर्मियों की नजरों से बचकर वह थाने से फरार हो गया। कुछ देर बाद उसके गायब होने की जानकारी मिलने पर पुलिसकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंची तो एसएसपी और एएसपी ने नाराजगी जताई। थाने में लाए गए आरोपी की निगरानी में गंभीर चूक मानते हुए दोनों आरक्षकों को तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच कर दिया गया। वहीं, सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाल रहे चकरभाठा सीएसपी और थाना प्रभारी को भी कड़ी फटकार लगाई गई।
संभावित ठिकानों पर पुलिस की दबिश
थाने से फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। उसके परिचितों और संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।