रतनपुर। साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे साइबर जागृति अभियान के तहत रतनपुर पुलिस ने ग्राम चपोरा में जन चौपाल लगाई। थाना प्रभारी ने ग्रामीणों को ऑनलाइन ठगी के बढ़ते मामलों और साइबर अपराधियों के तौर-तरीकों की जानकारी देते हुए सतर्क रहने की अपील की।

पुलिस ने ग्रामीणों को समझाया कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, बैंक खाता नंबर और CVV जैसी गोपनीय जानकारी साझा न करें। फर्जी लोन, लॉटरी, KBC और नौकरी के नाम पर आने वाले झांसे से भी बचने की सलाह दी गई। पुलिस ने कहा कि WhatsApp और Facebook पर अनजान लोगों द्वारा भेजे गए लिंक पर बिना सत्यापन क्लिक न करें।

पुलिस ने बताया कि साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत करें। साथ ही cybercrime.gov.in के माध्यम से भी ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। चौपाल में ग्राम सरपंच, पंचगण सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुष मौजूद रहे। पुलिस ने ग्रामीणों से खुद जागरूक रहने के साथ आसपास के लोगों को भी साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूक करने की अपील की।