लालखदान चौक के पास पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा, चाकू और बाइक जब्त

बिलासपुर। तोरवा थाना क्षेत्र के लालखदान चौक के पास चलती मोटरसाइकिल पर चाकू लहराकर राहगीरों को डराने-धमकाने वाले युवक को तोरवा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से धारदार चाकू और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, 28 अक्टूबर 2026 को पेट्रोलिंग के दौरान सूचना मिली कि लालखदान चौक के पास एक युवक मोटरसाइकिल चलाते हुए हाथ में चाकू लेकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर युवक को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी की पहचान मोहम्मद हारूण (23), पिता मोहम्मद बसीर, निवासी लालखदान, तोरवा, बिलासपुर के रूप में हुई। पुलिस ने उसके कब्जे से एक लोहे का धारदार चाकू बरामद किया। घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।