बिलासपुर। चकरभाठा थाना क्षेत्र में संचालित अवैध कबाड़ दुकानों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच संचालकों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। पुलिस ने सभी को न्यायालय में पेश किया।
पुलिस के अनुसार, उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर थाना क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित कबाड़ दुकानों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसके तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी चकरभाठा के नेतृत्व में अभियान चलाया गया।
कार्रवाई के दौरान बादशाह खान (55), शेख सलीम (34), विनोद नेताम (35), हरिकेश चौहान (32) और देवेश सिंह जोगी (32) के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। पुलिस ने सभी पांच कबाड़ दुकान संचालकों को न्यायालय में पेश किया।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की संदिग्ध या गलत गतिविधि अथवा अपराध की जानकारी मिलने पर तत्काल थाना चकरभाठा या डायल-112 पर सूचना देकर पुलिस का सहयोग करें।