तिफरा सेक्टर-डी शराब दुकान के पास वारदात, हमलावर फरार; सिम्स में चल रहा इलाज
बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के तिफरा सेक्टर-डी स्थित शराब दुकान के पास गुरुवार शाम मामूली विवाद में एक वकील पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया। चखना सेंटर में हुई कहासुनी के बाद आरोपी ने धारदार हथियार से वकील पर वार कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल वकील को सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घुरु-अमेरी निवासी मुकेश सूर्यवंशी, पिता रामायण सूर्यवंशी, किसी काम से तिफरा सेक्टर-डी स्थित शराब दुकान की ओर गया था। बताया जा रहा है कि शराब दुकान के पास संचालित चखना सेंटर में किसी बात को लेकर उसका एक व्यक्ति से विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और गुस्से में आए व्यक्ति ने जेब से चाकू निकालकर मुकेश पर हमला कर दिया। चाकू के वार से वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। अचानक हुई इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना के बाद हमलावर भीड़ का फायदा उठाकर भाग निकला। मुकेश के साथियों और आसपास मौजूद लोगों ने उसे तत्काल सिम्स अस्पताल पहुंचाया। घायल के साथियों के मुताबिक मुकेश वकालत करता है। इधर, पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर हमलावर की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।