बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र के चिंगराजपारा में धारदार चाकू लहराकर लोगों को डराने-धमकाने वाले आदतन बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से स्टील का धारदार बटननुमा चाकू जब्त किया गया। उसके खिलाफ पहले से 9 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 12 अक्टूबर को टाउन भ्रमण के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चिंगराजपारा स्थित शिव मंदिर के पास एक युवक हाथ में बड़ा धारदार चाकू लेकर आने-जाने वाले लोगों को डरा रहा है। सूचना मिलते ही सरकंडा पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदेही को पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान प्रभात चौक, चिंगराजपारा निवासी बब्बन सारथी उर्फ राज सारथी (22), पिता छोटू सारथी के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से स्टील का धारदार बटननुमा चाकू जब्त कर आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ पहले से 9 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
यह कार्रवाई पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में की गई।