बिलासपुर। सरकंडा पुलिस ने धारदार हथियार लेकर आम लोगों को डराने-धमकाने वाले 2 बदमाशों के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अलग-अलग मामलों में गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लोहे का धारदार चापड़ और बड़ा चाकू बरामद किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल तथा नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में क्षेत्र में बदमाशों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि अशोक नगर राजस्व कॉलोनी चौक मेन रोड के पास एक युवक धारदार चापड़ लेकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी राजा बाबू श्रीवास (30), निवासी बड़ी कोनी पानी टंकी के पास, थाना कोनी को पकड़ा। तलाशी में उसके कब्जे से लोहे का धारदार चापड़ बरामद हुआ। मामले में अपराध क्रमांक 1325/2026 दर्ज कर कार्रवाई की गई।

इसी तरह चिंगराजपारा सूर्या चौक के पास एक युवक धारदार बड़ा चाकू लेकर लोगों को धमका रहा था। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी पूरन नेताम उर्फ बड़े छोटे (23), निवासी दुर्गा नगर लिंगियाडीह को पकड़ा। उसके कब्जे से लोहे का धारदार बड़ा चाकू बरामद किया गया। इस मामले में अपराध क्रमांक 1328/2026 दर्ज किया गया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों से हथियार रखने के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वे कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद हथियारों को जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में सरकंडा पुलिस टीम ने की।