बिलासपुर। दहेज में बुलेट बाइक और रुपए की मांग पूरी नहीं होने पर पति द्वारा नवविवाहिता को जबरन कीटनाशक पिलाने का मामला सामने आया है। पत्नी की हालत बिगड़ने पर उसे सिम्स में भर्ती कराया गया, जहां करीब 10 दिन तक उसका इलाज चला। आरोप है कि कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए पति ने खुद भी थोड़ा जहर पी लिया और परिजनों को बताया कि पत्नी ने खुद जहर खाया है। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद पीड़िता ने सीपत थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पति और सास के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, सिरगिट्टी क्षेत्र के सिलपहरी निवासी नीलम का विवाह दिसंबर 2024 में सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम कौड़िया निवासी बलराम प्रजापति (25) से हुआ था। शादी में मायके वालों ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार घरेलू सामान और जेवर दिए थे। आरोप है कि शादी के करीब एक महीने बाद ही पति बलराम प्रजापति ने नीलम पर मायके से बुलेट बाइक या नकद रुपए लाने का दबाव बनाना शुरू कर दिया।

पीड़िता का आरोप है कि मांग पूरी नहीं होने पर पति उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट करता था। वहीं सास लक्ष्मी कुम्हार भी उसे प्रताड़ित करती थी और उसके जेवर छीनने का प्रयास करती थी। लगातार हो रही प्रताड़ना से नीलम मानसिक रूप से परेशान रहने लगी थी।

दहेज की मांग को लेकर पीटा, फिर जबरन पिलाया कीटनाशक

पीड़िता के मुताबिक, 27 मई को दहेज की मांग को लेकर पति ने उसकी बेरहमी से पिटाई की। इसके बाद जान से मारने की नीयत से उसे जबरन कीटनाशक पिला दिया। जहर का असर होने के बाद उसकी हालत बिगड़ गई। परिजनों ने उसे इलाज के लिए सिम्स में भर्ती कराया, जहां करीब 10 दिन तक उसका उपचार चला। हालत में सुधार होने के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी मिली।

खुद भी जहर पीकर बोला- पत्नी ने खाया है

आरोप है कि घटना के बाद पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए पति ने खुद भी थोड़ा जहर पी लिया। इसके बाद उसने ससुराल वालों को गुमराह करते हुए बताया कि नीलम ने खुद ही जहर खा लिया है। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद पीड़िता ने सीपत थाने पहुंचकर पति और सास के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के आधार पर सीपत पुलिस ने बलराम प्रजापति और लक्ष्मी कुम्हार के खिलाफ दहेज प्रताड़ना एवं हत्या के प्रयास सहित संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।