
बिलासपुर। रतनपुर थाना क्षेत्र के मदनपुर बस स्टैंड के पास धारदार चाकू दिखाकर लोगों को डराने-धमकाने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपी के कब्जे से एक धारदार चाकू जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 19 अक्टूबर को सूचना मिली कि मदनपुर बस स्टैंड के पास एक युवक धारदार चाकू दिखाकर लोगों में भय पैदा कर रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और पुलिस टीम को मौके पर रवाना किया। पुलिस ने बस स्टैंड के पास घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। उसके कब्जे से धारदार चाकू बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान विकास दुबे (25), पिता रमाकांत दुबे, निवासी मदनपुर, थाना रतनपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निलेश पाण्डेय, प्रधान आरक्षक कौशल राम खुटे, आरक्षक पवन ठाकुर और आकाश डोंगरे का विशेष योगदान रहा।