बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र में बस में सवारी बैठाने को लेकर रंगदारी मांगने और मना करने पर बस एजेंटों से मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि हिस्ट्रीशीटर तारण निर्मलकर ने अपने साथियों के साथ मिलकर शरद कश्यप और सैफी गौरी की बस यात्रियों के सामने पिटाई की। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पीड़ितों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद पुलिस ने सामान्य धाराओं में कार्रवाई कर मामले को चलता कर दिया।

बताया गया कि मंगलवार रात शरद कश्यप और सैफी गौरी सीपत चौक के पास बस में सवारी बैठाने पहुंचे थे। इसी दौरान तिफरा निवासी तारण निर्मलकर अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और दोनों के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि उन्हें धमकी दी गई कि बिना रंगदारी दिए बस में सवारी बैठाने का काम करने पर दोबारा मारपीट की जाएगी।

मारपीट का घटनाक्रम बस में सवार एक यात्री ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। वायरल वीडियो में तारण निर्मलकर और उसके साथी बस के पास एजेंटों के साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं। घटना के बाद दोनों युवकों ने सरकंडा थाने में शिकायत दर्ज कराई।

पीड़ितों का आरोप है कि तारण निर्मलकर हाईटेक बस स्टैंड के आसपास सक्रिय रहता है और बस ऑपरेटरों से रंगदारी वसूलने के साथ बस एजेंटों पर भी दबाव बनाता है। उनका कहना है कि विरोध करने पर मारपीट और धमकी दी जाती है। तारण के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज होने की बात भी सामने आई है, जिनमें मारपीट, गुंडागर्दी, हत्या और ड्रग कारोबार से जुड़े मामले शामिल बताए जा रहे हैं।

इधर, पीड़ित युवकों का कहना है कि गंभीर आरोपों के बावजूद पुलिस की कार्रवाई सामान्य धाराओं तक सीमित रहने से वे दहशत में हैं। उनका आरोप है कि प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से आरोपी के हौसले बढ़ रहे हैं। मामले में पुलिस की कार्रवाई और वायरल वीडियो की जांच के बाद ही घटनाक्रम की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।