पैसे नहीं देने पर जान से मारने की धमकी, सिविल लाइन पुलिस ने दरवाजा तोड़कर दोनों को बाहर निकाला; सखी सेंटर भेजी गई नाबालिग

बिलासपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में शनिवार रात एक 17 वर्षीय नाबालिग लड़की ने अपने बॉयफ्रेंड के बैंक खाते में पैसे ट्रांसफर करने की जिद में छोटे भाई को कमरे में बंद कर दिया। आरोप है कि उसने परिवार के सदस्यों पर पैसे देने का दबाव बनाया और इनकार करने पर छोटे भाई को जान से मारने की धमकी देने लगी। घबराए परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची सिविल लाइन पुलिस ने काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन दरवाजा नहीं खुलने पर उसे धक्का देकर खोला गया और लड़की व उसके छोटे भाई को बाहर निकाला गया।

बताया गया कि शनिवार रात नाबालिग लड़की ने खुद को एक कमरे में बंद कर लिया था। उसके साथ करीब 12 साल छोटा भाई भी कमरे के अंदर था। लड़की परिवार से अपने बॉयफ्रेंड के बैंक खाते में पैसे ट्रांसफर करने की मांग कर रही थी। परिजनों ने पैसे देने से इनकार किया तो उसने छोटे भाई को कमरे में बंद रखने के साथ उसे जान से मारने की धमकी देने लगी।

मामले की सूचना मिलने पर सिविल लाइन पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने पहले नाबालिग को समझाकर दरवाजा खोलने के लिए कहा, लेकिन वह तैयार नहीं हुई। इसके बाद पुलिस ने दरवाजा खोलकर दोनों को बाहर निकाला। पुलिस ने नाबालिग को काउंसलिंग के लिए सखी सेंटर भेजा है।

बॉयफ्रेंड के दबाव या ब्लैकमेल की भी जांच

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नाबालिग अपने बॉयफ्रेंड के खाते में पैसे जमा कराने के लिए इतनी मजबूरी की स्थिति में क्यों पहुंच गई। पुलिस उसके संपर्क में रहने वाले युवक और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है। यह भी जांच की जा रही है कि कहीं नाबालिग को कोई ब्लैकमेल या किसी तरह का दबाव तो नहीं दिया जा रहा था। पुलिस ने मामले के सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।